ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार पहुंचा चक्रवात, विभाग ने जारी किया अलर्ट

पटना/भागलपुर : होली से ठीक पहले बिहार में एक बार मौसम बदल गया है। राजस्थान में उठा चक्रवात शुक्रवार को बेतिया के रास्ते बिहार में प्रवेश कर गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बेतिया से बांका के बीच के जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार शाम से ही उत्तर और मध्य बिहार के जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। बांका में तेज आंधी के साथ हुई बारिश से कई पेड़ उखड़ गए। यहां बौंसी मे ओले भी गिरे। राजधानी पटना में भी शाम को हल्की बारिश हुई। शनिवार देर रात चक्रवात राज्य के पूर्वी जिलों से गुजरते हुए झारखंड में प्रवेश कर जाएगा।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शुभेंदु सेन गुप्ता का कहना है कि चक्रवाती हवा की धरातल पर गति 45 किमी प्रति घंटा और ऊपरी सतह पर 70 किमी प्रति घंटा रही। शुक्रवार को चक्रवात बेतिया के रास्ते बिहार में प्रवेश कर गया। चक्रवात से आज दिन में मोतिहारी, गोपालगंज, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सिवान, छपरा, दरभंगा और सुपौल में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। रात आठ बजे तक चक्रवात मध्य बिहार तक पहुंच गया। जिससे बक्सर, आरा, पटना, जहानाबाद, बिहारशरीफ में आंधी चली और हल्की बारिश हुई।
शनिवार की सुबह से लेकर दोपहर तक सीतामढ़ी, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, जमुई एवं बांका में बारिश होने की उम्मीद है। सभी जिलों में मौसम विज्ञान केंद्र ने आंधी के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। इन जिलों के जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन विभाग को सूचित कर दिया गया है। इस वजह से राजधानी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी की हवा में नमी 68 फीसद दर्ज की गई।