उत्तर भारत में रविवार को तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई। पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी के बाद पारा शून्य से नीचे पहुंच गया। मैदानी राज्यों में ठंडी हवाओं ने ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। दिल्ली में धुंध और बादल छाए रहने की वजह से सर्दी ठंड बढ़ गई। रविवार को लद्दाख प्रांत का लेह क्षेत्र सबसे ठंडा रहा। यहां पारा शून्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस नीचे फिसल गया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तो ठंड की शुरुआत है।
उत्तर प्रदेश के आगरा मंडल में सर्द हवाओं और कोहरे की जुगलबंदी ने इस सीजन में पहली बार लोगों को सर्दी का अहसास कराया। लखनऊ, वाराणसी और इलाहाबाद में ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।
पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औद्योगिक शहर लुधियाना में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री रहा। हरियाणा में रेवाड़ी सबसे ठंडा रहा और यहां का तापमान 2.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। राजस्थान में कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है जिससे दुर्घटनाओं का भय बना हुआ है।
उत्तर भारत में बर्फबारी और बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में धूप निखरने पर दोपहर बाद कुछ राहत रही, लेकिन कोहरे के आगोश में सिमटे मैदानी इलाकों में पूरा दिन ठिठुरन के बीच ही गुजरा। रही-सही कसर पूरी हो गई सर्द हवा के डेरा डालने से। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में ठंड से सड़क पर कोहरा जम गया है। तीन दिन में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जम्मू-कश्मीर की वादी में भीषण ठंड से जूझ रहे लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही है। तापमान के जमाव बिंदु से नीचे बने रहने से कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान वादी में मौसम शुष्क लेकिन ठंडा रहने की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है।