ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में, राहत मिलने की उम्मीद नही

नई दिल्ली : कई स्थानों पर पारा के आंशिक रूप से चढ़ने के बावजूद भी उत्तर भारत ठंड की चपेट में बना हुआ है जबकि हिमाचल प्रदेश में कुल्लू मनाली क्षेत्र आज लगातार सातवें दिन (शुक्रवार को) भी बिजली एवं पानी की आपूर्ति से वंचित रहा।

लेह और कारगिल तथा राजस्थान के कई इलाकों में पारा आंशिक रूप से चढ़ा लेकिन इस क्षेत्र में ठंड से कोई राहत नहीं मिली। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विशाल क्षेत्र में घने कोहरे ने भी लोगों की परेशानियां बढ़ाई। दिल्ली में बादल छाये रहने के बाद भी लोगों को शीतलहर से राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से एक डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री रहा जो सामान्य से छह डिग्री नीचे है।

तड़के राजधानी के कई क्षेत्रों में घने कोहरे छाये रहने से निम्न दृश्यता की वजह से सड़क यातायात और रेल यातायात पर प्रभावित हुआ। हिमाचल प्रदेश के अधिकतर क्षेत्र तापमान में आंशिक वृद्धि के बावजूद भयंकर शीतलहर की चपेट में हैं। कुल्लू मनाली क्षेत्र में आज (शुक्रवार को) सातवें दिन भी पानी, बिजली एवं अन्य सेवाएं बहाल नहीं हो पाने की वजह से जनजीवन ठप्प रहा।

हिमपात की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग 21 मनाली से आगे बंद है तथा कुल्लू जिले के अंदरूनी हिस्से में 83 सड़कें भारी हिमपात से बंद हैं। हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाली जनजातीय क्षेत्र एवं अन्य पर्वतीय दर्रे पारा के शून्य से नीचे 15-20 डिग्री के बीच रहने से भयंकर ठंड की चपेट में हैं। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री तथा शिमला में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र के लेह और कारगिल में रात का तामपान दो डिग्री बढ़ने से लोगों को हाड़ कपकंपाती ठंड से मामूली राहत मिली। वैसे कश्मीर घाटी भी शीतलहर की चपेट में जहां रात का तापमान शून्य से नीचे चला जाता है।

लेह राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 12.5 डिग्री नीचे चला गया। वैसे यह तापमान पिछली रात के तापमान से दो डिग्री अधिक है। कारगिल दूसरा सबसे ठंडा स्थान है जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 12.1 डिग्री दर्ज किया गया जो पिछली रात के शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री अधिक है।

जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री नीचे रहा। पिछली रात भी पारा इतना ही लुढका था। राजस्थान में अधिकतर स्थानों पर पारा के थोड़ा उपर चढ़ने से लोगों को भयंकर सर्दी से थोड़ी राहत मिली। वैसे माउंटआबू राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रहा। उदयपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री, जयपुर में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रहा। घने कोहरे की वजह से कई ट्रेनें विलंब हो गयीं और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ।

इसी बीच पंजाब और हरियाणा में भी खूब ठंड पड़ रही है। कई स्थानों पर घने कोहरे की वजह से सड़क यातायात प्रभावित हुआ। उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर घने कोहरे रहने की वजह से विमान, ट्रेन और सड़क यातायात पर असर पड़ा।