ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

दवा की तरह पीयें दारू: मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी


एक तरफ केंद्र और राज्य सरकारें शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का  सेवन करने के लिए लोगों को मना करती है. वर्ष में लाखों रुपए लोगों को संदेश देने के लिए होर्डिंग, टीवी चैनल के माध्यम से सरकार द्वारा खर्च किए जाते हैं लेकिन बिहार के सीएम जीतन राम मांझी की मानें तो शराब पीना कोई बुरी बात नहीं है. सीएम ने कहा शराब को थोड़ी मात्रा में पिया जाए तो यह दवा का काम करती है. बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने दलित और महादलित समुदाय के लोगों को दवा के रूप में दारू पीने की सलाह दी है.
मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी रविवार को रूपसपुर के चुल्हाईचक मुसहरी में दलित अधिकार मंच के तत्वावधान में आयोजित महादलित समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान मुख्यमंत्री मुसहरी और महादलित टोलों में रहने वाले लोगों को नशे से होने वाली समस्याओं के बारे में बता रहे थे.

भाषण के क्रम में वह बताना चाह रहे थे कि शराब से ही आप सभी का घर बर्बाद हो रहा है. शराब छोड़ देते हैं तो आपको आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता लेकिन समझाते-समझाते वह कह बैठे कि अगर दारू की लत नहीं छूटती है तो इसे दवा के रूप में पीयें. कोई समस्या नहीं होगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि राज्य में जनसंख्या का सही तरीके से सर्वेक्षण किया जाए तो सत्ता की चाबी दलितों के हाथों में होगी. उन्होंने कहा कि शहरी भूमिहीनों को भी जमीन का वासगीत पर्चा दिया जायेगा. इसके लिए सरकार जल्द ही अध्यादेश लायेगी.