इंग्लैंड में टीम इंडिया की एक और शर्मनाक हार हुई। टीम इंडिया को ओवल टेस्ट में पारी और 244 रनों से करारी शिकस्त मिली। इस टेस्ट मैच के साथ ही भारत ने सीरीज भी 3-1 से गंवा दी। दूसरी पारी में पूरी टीम सिर्फ 94 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत का इस टेस्ट में प्रदर्शन इसलिए बहुत ही शर्मनाक रहा। भारत जैसी एक टेस्ट टीम 30 ओवर भी नहीं खेल पाई।
भारत का अंतिम विकेट इशांत शर्मा के रूप में गिरा। इशांत शर्मा अपने दो रन के निजी स्कोर पर क्रिस जॉर्डन की गेंद पर मोइन अली को कैच थमा बैठे। जबकि स्टुअर्ट बिन्नी 25 रन बनाकर नॉट आउट लौटे।
भारतीय सलामी जोड़ी एक बार फिर नाकाम रही। भारत को पहला झटका मुरली विजय के रूप में मिला। जब टीम इंडिया का स्कोर मात्र छह रन था तभी विजय आउट हो गए। जेम्स एंडरसन की एक बेहतरीन गेंद को मुरली विजय समझ नहीं सके और गेंद पैड से टकरा गई। जेम्स एंडरसन सहित सभी खिलाड़ियों की जोरदार अपील पर अंपायर ने विजय को आउट करार दिया। उन्होंने 16 गेंदों का सामना किया और दो रन बनाए। जबकि गौतम गंभीर चार रन बनाकर रन आउट हुए।
इसी बीच बारिश की वजह से खेल को कुछ देर के लिए रोकना भी पड़ा। लेकिन लंच के बाद जल्द ही दोबारो खेल शुरू हुआ। लेकिन विकेटो के गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। पुजारा और कोहली भी जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए। कोहली को 20 रन के निजी स्कोर पर जॉडर्न ने कुक के हाथों कैच कराया। इससे पहले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के रूप में गिरा। पहली पारी में 82 रन की पारी खेलने वाले धोनी दूसरी पारी में बिना खाता खोले आउट हुए। उन्हें क्रिस वोक्स की गेंद पर रॉबसन ने लपका। इससे पहले चौथे विकेट के रूप में अजिंक्य रहाणे आउट हुए। उन्हें चार रन के निजी स्कोर पर स्टुअर्ट ब्रॉड ने गैरी बेलेंस के हाथों लपकवाया।
इससे पहले, इंग्लैंड की टीम दिन के पहले सत्र में 486 रन बनाकर आउट हो गई। जोए रूट 149 रन बनाकर नाबाद लौटे। टेस्ट मैचों में यह उनका पांचवा शतक है। रूट ने 165 गेंदों की पारी में 18 चौके और एक छक्का लगाया।
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 385 रनों से आगे उतरे इंग्लैंड की टीम के पुछल्ले बल्लेबाज ने भी भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया। क्रिस जॉर्डन (20) हालांकि जरूर कल की अपनी निजी रन संख्या में केवल एक रन ही जोड़ सके, लेकिन उनके बाद बल्लेबाजी करने आए स्टुअर्ट ब्रॉड ने तेजतर्रार 37 रन बनाए। ब्रॉड ने 21 गेंदों की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। रूट ने जॉर्डन के साथ आठवें विकेट के लिए 82 रन जबकि ब्रॉड के साथ नौवें विकेट के लिए 63 रन जोड़े।
भारत की ओर से इशांत शर्मा ने चार, रविचंद्रन अश्विन ने तीन जबकि वरूण एरॉन ने दो विकेट हासिल किए। भुवनेश्वर कुमार को एक सफलता मिली। इंग्लैंड की ओर से पहली पारी में कप्तान एलिस्टर कुक ने 79 और गैरी बैलेंस ने 64 रन बनाए। जोस बटलर ने 45 रनों का योगदान दिया।
