भाजपा नेता अवधूत वाग को गोपीनाथ मुंडे की मौत के पीछे साजिश की बू आ रही है। उन्होंने महाराष्ट्र भाजपा की ओर से हादसे की सीबीआई जांच करवाने की मांग की है। अवधूत ने सवाल उठाया है कि मुंडेजी हमेशा गार्ड्स के साथ हाई सिक्योरिटी व्हीकल में सफर करते थे, फिर वह एक सामान्य कार में कैसे सफर कर रहे थे? उन्होंने कहा कि यह किसी मामूली आदमी की दुर्घटना नहीं थी, गोपीनाथ मुंडे की दुर्घटना थी। यह एक साजिश का नतीजा भी हो सकती है। इसलिए हम इसकी जांच चाहते हैं।
मंगलवार की सुबह मुंबई के सफर पर निकले केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे का यह अंतिम सफर साबित हुआ।वह एयरपोर्ट जा रहे थे। तभी पृथ्वीराज रोड पर उनकी कार को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसा जबरदस्त था। हादसे के तत्काल बाद तो वह होश में थे। उन्होंने पानी मांगा और अस्पताल ले जाने के लिए कहा। उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
लाइव कवरेज...
सुबह 11:45 बजेहादसे की जगह पहुंची एफएसएल टीम।
सुबह 11:44 बजेदिल्ली पहुंचा गोपीनाथ मुंडे का परिवार।
सुबह 11:20 बजेशिवसेना ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए आज कहा कि भाजपा नेता के निधन से महाराष्ट्र को अपूरणीय क्षति हुई है। मुंडे का आज सुबह दिल्ली में एक सड़क हादसे के बाद निधन हो गया था। शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि मौजूदा समय में वह दिल्ली में राज्य के सबसे शीर्ष नेता थे। मुंडे जमीन से जुड़े नेता थे और बेहद लोकप्रिय थे। हमने कभी उन्हें गुस्सा होते नहीं देखा और वह हमेशा पार्टी कार्यकताओं के बीच पाए जाते थे। केवल शिवसेना और भाजपा ने ही एक शानदार नेता नहीं खोया है बल्कि महाराष्ट्र को भी अपूरणीय क्षति हुई है। वह ऐसे नेता थे जिन्हें महाराष्ट्र और उसकी अस्मिता पर गर्व था।
सुबह 10:55 बजेगोपीनाथ मुंडे के आकस्मिक निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शोक व्यक्त किया।
सुबह 10:52 बजेगोपीनाथ मुंडे के निधन से मुझे गहरा धक्का लगा है। हमने एक जननेता खो दिया है। मेरी विनम्र श्रद्वांजली: शरद पवार
सुबह 10:50 बजेगोपीनाथ मुंडे की मौत की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। उनके परिवार, मित्रों और अन्य के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं: संजय झा, कांग्रेस नेता।
सुबह 10:49 बजेमुझे विश्वास नहीं हो रहा, कल शाम ही किसानों के मुद्दे पर मेरी उनसे बात हुई थी: रामविलास पासवान।
सुबह 10:47 बजेगोपीनाथ मुंडे जी की मौत देश और पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है: शाहनवाज हुसैन।
सुबह 10:46 बजेगोपीनाथ मुंडे की मौत से सदमे में हूं और मैं काफी दुखी हूं। देश के यह एक बड़ी क्षति है। परिवारजनों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं: अजय माकन
सुबह 10:45 बजेमुंडे को श्रद्धांजलि देने भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी और स्मृति ईरानी एम्स पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीण विकास मंत्री मुंडे को श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक शाम चार बजे होगी।
सुबह 10:40 बजेफिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर ने कहा कि मुंडे जी के निधन की खबर सुनकर सदमे में हूं। उनमें अदभुत नेतृत्व क्षमता थी और वे हमेशा जमीन से जुड़े नेता रहे। हम कभी उनको भूल नहीं पाएंगे।
सुबह 10:35 बजेकेंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे के सम्मान में आज दिल्ली, राज्यों की राजधानियों और केन्द्र शासित प्रदेशों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
सुबह 10:32 बजेभारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला नेता और राज्यसभा सांसद कुसुम राय ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राय ने कहा कि मुंडे के निधन से पार्टी को बड़ी क्षति हुई है। उत्तर प्रदेश की पूर्व लोक निर्माण मंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद कुसुम राय ने कहा, ''सुबह सुबह पार्टी को दुखद समाचार मिला है। महाराष्ट्र के दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे का सड़क हादसे में निधन हो गया। इस क्षति से पूरी पार्टी स्तब्ध है। भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।''
सुबह 10:30 बजेअखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सक ने संवाददाताओं को बताया कि जब उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, तो उनकी सांसें नहीं चल रही थीं, रक्तचाप भी नहीं था, धड़कन भी बंद थी। इसलिए तुरंत सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटैशन) शुरू किया गया, जो करीब 15 मिनट तक चला। उन्होंने बताया, ''हृदय गति चलाने के लिए किए गए सभी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सुबह 10:25 बजेदोपहर 12 बजे भाजपा कार्यालय लाया जाएगा मुंडे का पार्थिव शरीर।
सुबह 10:12 बजेग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे के निधन का दु:खद समाचार मिलते ही उनके गृहनगर परली में शोक के बादल छा गए। दुर्घटना का समाचार मिलते ही लोग छोटे-छोटे समूहों में सड़कों पर निकल आए। भाजपा के वरिष्ठ नेता के अल्पसंख्यक समुदाय के समर्थकों समेत कई लोगों ने सड़कों पर प्रार्थनाएं कीं। उन्हें उम्मीद थी कि उनका नेता जिंदगी और मौत की जंग जीत लेगा, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद उन्हें मुंडे के निधन की सूचना मिली।
सुबह 10:00 बजेछत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि गोपीनाथ मुंडे के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख है, वे महाराष्ट्र के लोकप्रिय नेता थे, उनके निधन से देश ने और महाराष्ट्र ने एक कुशल और कर्मठ जन प्रतिनिधि एवं समाज सेवी को हमेशा के लिए खो दिया।
सुबह 9:50 बजेप्रकाश जावेडकर ने कहा कि आज का दिन बहुत दुखद है। हमें काफी धक्का लगा है। अब तक मन यह मानने को तैयार नहीं है। हम कल ही मिले थे।
सुबह 9:40 बजेमुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि यह दुखद खबर है। उनकी भरपाई कर पाना मुश्किल है।
सुबह 9:35 बजेराजनाथ सिंह ने कहा कि गोपीनाथ मुंडे के निधन से मुझे गहरा धक्का लगा है। वह किसानों और गरीब लोगों के नेता थे। यह हमासरे लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से महाराष्ट्र की राजनीति व सामाजिक जीवन में खालीपन पैदा हो गया है।
सुबह 9:20 बजेगोपीनाथ मुंडे के निधन से गहरे दुख में हूं। मुंडे के परिवार, भाजपा और उनके साथियों के प्रति में सांत्वना व्यक्त करता हूं: शशि थरूर
सुबह 9:10 बजेमध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुंडे के निधन से मुझे बड़ी तकलीफ पहुंची है। विकास के एक सूरज का अंत हो गया। वे मेरे बडे भाई की तरह थे। शोकाकुल परिजनों को मेरी संवेदनाएं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुंडे की असामयिक मृत्यु देश के लिए भी एक बडी क्षति है। उनमें जबर्दस्त संभावनाएं थीं।देश को उनसे ग्रामीण भारत के विकास की बहुत आशाएं थीं।
सुबह 8:55 बजेराष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे के निधन पर शोक प्रकट किया।
सुबह 8:55 बजेराष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे के निधन पर शोक प्रकट किया।
सुबह 8:45 बजेप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे मित्र गोपीनाथ मुंडे के निधन से मैं अत्यंत दुखी और स्तब्ध हूं।
सुबह 8:20 बजेकेंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुंडे का अंतिम संस्कार कल लातूर में उनके गांव में किया जाएगा।
सुबह 8:15 बजेअस्पताल के डॉक्टरों ने भी गोपीनाथ मुंडे को मृत घोषित किया।
सुबह 7:48 बजेनितिन गडकरी ने गोपीनाथ मुंडे की मौत की पुष्टि की।
सुबह 6:52 बजेभाजपा नेता नितिन गडकरी और डॉक्टर हर्षवर्धन अस्पताल पहुंचे।
सुबह 6:30 बजेगोपीनाथ मुंडे को एम्स लाया गया।
सुबह 6:20 बजेकेंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे दिल्ली हवाई अड्डा जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। मुंडे अकेले पीछे की सीट पर बैठे हुए थे। जैसे ही कार टकरायी, वैसे ही वह सीट पर गिर गये और उन्होंने अपने सुरक्षा गार्ड से पीने के लिए पानी मांगा। इसके बाद मुंडे ने कहा कि उन्हें तत्काल अस्पताल ले चलो। इस बीच मुंडे बेहोश हो गए।
