ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

गोपीनाथ मुंडे का निधन, कुछ देर बाद पार्टी दफ्तर लाया जाएगा पार्थिव शरीर


ग्रामीण विकास मंत्री और महाराष्ट्र में भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के चेहरा रहे गोपीनाथ मुंडे का आज सुबह एक सड़क दुर्घटना के बाद प्रत्यक्षत: आघात और दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि मुंडे हवाई अड्डा जा रहे थे। राजधानी के मध्य में पृथ्वीराज मार्ग-तुगलक मार्ग के गोल चक्कर पर उनकी कार को एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद मुंडे को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया। एम्स के ट्रामा सेंटर के डॉक्टर अमित गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया मुंडे को सुबह छह बज कर 30 मिनट पर उनके निजी सहायक और चालक एम्स के जयप्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के आपात चिकित्सा विभाग ले कर आए। डॉक्टर गुप्ता ने बताया मुंडे अपनी कार की पिछली सीट पर बैठे थे। उनकी कार को दूसरी कार या किसी अन्य वाहन ने सुबह छह बज कर करीब 20 मिनट पर उसी ओर टक्कर मारी, जिस ओर वह बैठे थे।
    
उन्होंने बताया जब उनको ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, तब वह न तो श्वांस ले रहे थे न ही उनके शरीर में रक्तचाप, पल्स या हदय के धड़कने आदि की गतिविधियां हो रही थीं। इसीलिए तत्काल उनके हदय को पुनर्जीवित करने के लिए कॉर्डियोपल्मोनरी रेससाइटेशन (सीपीआर) शुरू किया गया और 15 मिनट तक कोशिश जारी रखी गई। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मुंडे के दिल की धड़कन वापस नहीं लाई जा सकी और 7 बज कर 20 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
डॉक्टर गुप्ता ने बताया मुंडे को उच्च रक्तचाप और मधुमेह की समस्या थी, जिनके लिए वह दवाएं लेते थे। दुर्घटना में उनके शरीर पर कोई बाहरी बड़ी चोट नहीं लगी थी। हम कुछ नहीं कह सकते, लेकिन चिकित्सकीय तौर पर हम कह सकते हैं कि उनके दिल ने अचानक काम करना बंद कर दिया। मुंडे की पार्थिव देह को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में ले जाया गया है। फॉरेन्सिक विशेषज्ञों के प्रमुख ने पोस्टमार्टम के लिए एक बोर्ड गठित किया है।
  
डॉक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल पाएगा। मुंडे के सचिव एस नायर ने बताया कि केंद्रीय मंत्री को दुर्घटना के बाद जबरदस्त आघात लगा था और प्रतीत होता है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस गाड़ी ने मुंडे की कार को टक्कर मारी थी, वह एक इंडिका कार थी, जिसने अरबिन्दो चौक पर यातायात सिग्नल का उल्लंघन किया। इसके बाद वह कार मारूति सुजुकी एसएक्स 4 से टकरा गई, जिसमें मुंडे पृथ्वीराज रोड से सफदरजंग रोड की ओर जा रहे थे।
  
उन्होंने बताया कि इंडिका तुगलक रोड की ओर जा रही थी जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास से करीब एक किमी दूर है। इंडिका ने मुंडे की कार को उस ओर टक्कर मारी, जिस ओर मुंडे बैठे थे। कार की टक्कर लगने के तत्काल बाद मुंडे सीट पर गिर पड़े।
इंडिका कार के चालक को घटनास्थल से हिरासत में ले लिया गया और फिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मुंडे की नाक पर कुछ मामूली खरोंचें आई थीं। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद मुंडे ने पानी मांगा और अपने चालक से उन्हें अस्पताल ले जाने को कहा। प्रधानमंत्री ने कल रात मंत्रिपरिषद की एक बैठक बुलाई थी, जिसमें मुंडे भी शामिल हुए थे। आज जिस समय दुर्घटना हुई, उस समय वह काम से मुंबई जा रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन पुत्रियां हैं। उनकी एक पुत्री महाराष्ट्र के बीड जिले की परली विधानसभा सीट से विधायक हैं।
  
भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के बहनोई मुंडे महाराष्ट्र के एक पिछड़े क्षेत्र के निर्धन परिवार से थे। भाजपा के दिवंगत नेता वसंतराव भागवत उन्हें राजनीति में ले कर आए। भागवत ने ही प्रमोद महाजन सहित कई अन्य नेताओं को भी तैयार किया था। मुंडे ने राज्य में आरपीआई, स्वाभिमानी शेतकरी पक्ष और राष्ट्रीय समाज पक्ष के साथ शिवसेना-भाजपा का गठबंधन कराने में अहम भूमिका निभाई थी।