नवगछिया और मधेपुरा के बीच कोसी नदी पर बन रहे विजय घाट पक्का पुल के निर्माणस्थल पर बीती मध्य रात्रि को एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। इस हत्या के कारण का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
इस घटना में मृत व्यक्ति की पहचान मधेपुरा जिला के खलीफा टोला निवासी भगवान मंडल के 35 वर्षीय पुत्र रामू मंडल के रूप में हुई है। जिसकी मौत गले के पास गोली लगने से हुई बतायी जा रही है। वहीं मृतक की लाश के पास 50 लीटर डीजल वाला एक खाली डब्बा भी गिरा हुआ देखा गया । जिसपर भी खून लगा था।
ग्रामीणों के अनुसार पुल निर्माणस्थल पर अक्सर रात में वाहनों से डीजल, बैटरी इत्यादि की चोरी होती रहती है।यह घटना भी उसी कड़ी से जुड़ी लग रही है। कारण कि इस लाश के लगभग पचास गज दूर पर खड़े हाइवा वाहन की बैटरी भी गायब है। इसलिए संभव है कि इसी वाहन से बैटरी और डीजल चुराने के दौरान चोर तथा मृत व्यक्ति के बीच विवाद होने के कारण उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी हो।
जानकारी के अनुसार मृतक रामू मंडल किसान है। जो पाँच भाइयों में से एक था। जिसको दो लड़का और एक लड़की है। गाँव समाज में अच्छी छवि भी बतायी जा रही है। ग्रामीणों के बीच इसे दौड़ा कर गोली मारने की चर्चा सुनी जा रही है।
