नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी परवत्ता में ड्राइवर की हत्या कर लूटी गई बोलेरो गाड़ी को खगड़िया जिला अंतर्गत महेशखूंट थाना की पुलिस ने क्षेत्र के गौछारी के पास से राष्ट्रीय उच्च पथ पर से बरामद किया गया है।
ज्ञातव्य हो कि चार दिसम्बर की रात इस्माइलपुर थानाक्षेत्र के छोटी परवत्ता के पास ड्राइवर मुंगेर स्थित तारापुर थानाक्षेत्र के माधोडीह के निवासी श्रीकांत सिंह की हत्या कर दी गई थी। हत्या कर शव को सड़क किनारे पानी में फेंक दिया था। जहां लाश के पास से ड्राइवर का मोबाइल तथा ड्राइविंग लाइसेन्स बरामद हुआ था। जिसके आधार पर ड्राइवर की पहचान हुई थी। साथ ही बोलेरों लूट की घटना उजागर हुई थी।
मामले में इस्माइलपुर के थानाध्यक्ष गौतम बुद्ध ने बताया कि गाड़ी बीआर 10 पी 5564 नम्बर की है। गाड़ी सिल्वर कलर की है। गाड़ी के आगे बीएसएफ लिखा हुआ था। यह गाड़ी पिछले तीन दिनों से सड़क किनारे लावारिस हालत में थी। पुलिस ने गाड़ी को महेशखूंट थाना मे ले जाकर रखा है। इस संबंध मे गाड़ी मालिक माधोडीह निवासी श्रीकांत यादव को सूचना भेजी गयी है।
