नवगछिया पुलिस जिला में लगातार हो रही वाहन लूट की घटना से जहां नवगछिया पुलिस की सांसें फूल रही थी। वहीं दो दिनों पहले नवगछिया एनएच से लूटी गयी बारह चक्का ट्रक के झारखंड में लावारिस हालत में मिलने से नवगछिया पुलिस ने राहत की गहरी सांस ली है।
यह अलग बात है कि इस ट्रक की बरामदगी में नवगछिया पुलिस का सीधा हाथ नहीं है। लेकिन नवगछिया एसपी शेखर कुमार तथा एसडीपीओ रमाशंकर राय इसे पुलिस के चौतरफा दवाब का ही नतीजा मान रहे हैं कि अपराधी ट्रक को लावारिस हालत में छोड़ कर भाग गए। जबकि ट्रक पर लदा सारा सामान गायब है। जिसे खोजना अब नवगछिया पुलिस के लिए एक नई चुनौती है।
जानकारी के अनुसार इस ट्रक अपहरण के घटना की खबर मिलते ही नवगछिया एसपी, एसडीपीओ सहित सभी थानाध्यक्षों के होश उड़ने लगे थे। सभी आश्चर्यचकित थे कि आखिर नवगछिया पुलिस जिला को हो क्या गया है। मौके पर ही नवगछिया एसपी ने जिले के सभी पदाधिकारियों को एक सूत्री अभियान में लगा दिया। साथ ही स्वयं भी इस अभियान में शामिल हो गए। जबकि नवगछिया में बढ़ते अपराध को लेकर डीआईजी द्वारा गुरुवार को समीक्षा भी की जानी थी।
नवगछिया एसपी शेखर कुमार ने बताया कि यह ट्रक झारखंड के राजमहल के समीप जामनगर में पशु हाट के समीप लावारिस हालत में होने की सूचना मिली है। जिसे लाने के लिए रात में ही नवगछिया की पुलिस को भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार इस ट्रक में ड्राइवर का छूटा मोबाइल ही इस ट्रक की पहचान और बरामदगी में सहायक बना है। जिसकी लूट की प्राथमिकी ट्रक नम्बर UP13T 5231 के ड्राइवर असमत अली के बयान पर नवगछिया थाना में दर्ज की गयी थी।
बताते चलें कि इससे कुछ एक दिन पहले भी एक बोलेरों गाड़ी के चालक की हत्या कर अपराधी बोलेरों गाड़ी को लेकर चंपत हो गए थे। वह गाड़ी भी खगड़िया जिला क्षेत्र में लावारिस हालत में होने की सूचना पर बरामद की गयी थी।