नवगछिया में कोसी नदी पर निर्माणाधीन पक्का पुल के लिए
लंबित भूमि अधिग्रहण मामलों का जल्द निपटारा के लिए शनिवार को पुल निर्माण स्थल पर
भू-अर्जन विभाग द्वारा शिविर लगाया गया। जहां जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भागलपुर श्यामानन्द
शर्मा, भूमि सुधार उप समाहर्ता नवगछिया संजय कुमार, पुल निर्माण
निगम के सहायक अभियंता संजय कुमार सिंह, खरीक प्रखण्ड के बीडीओ
सह सीओ तथा लोकमानपुर पंचायत के मुखिया चंद्र मोहन सिंह सहित कई सरकारी कर्मचारी भी
मौजूद थे।
इस शिविर में कई भू स्वामियों को एलपीसी, जमीन की रसीद, वंशावली, इत्यादि
निर्गत किया गया। साथ ही शपथ पत्र बनवाने में आसानी हुई। इस दौरान कई लोगों का अभिलेख
भी खोला गया। मौके पर भूमि सुधार उप समाहर्ता नवगछिया संजय कुमार ने बताया कि जिनकी
भी जमीन इस भू-अर्जन में गयी है। वे सभी फरीकेन अपना अपना दावा कर सकते हैं। अलग अलग
फरीक को अलग अलग भुगतान हो रहा है।
इस मौके पर भूमि सुधार उप समाहर्ता नवगछिया संजय कुमार
ने यह भी बताया कि इस कार्य में तेजी लाने के लिए यह शिविर 2,4,6 और 8 दिसंबर को भी लगाया जाएगा। जिसमें दादपुर, प्रतापनगर
तथा तेतरी और लोकमानपुर के लोग भी आ सकते हैं।