नवगछिया स्थित मदन अहिल्या महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर छात्रओं का एक प्रतिनिधिमंडल छात्र राजद के विवि अध्यक्ष डॉ. शशि कुमार यादव के नेतृत्व में विवि के प्रतिकुलपति से मिला। छात्रओं की मांग थी कि विवि के अनेक महाविद्यालयों में बीएड की पढ़ाई की घोषणा हुई है, लेकिन मदन अहिल्या कॉलेज में बीएड की पढ़ाई के लिए कोई निर्णय अब तक नहीं लिया गया। जबकि खगड़िया से कटिहार तक में मदन अहिल्या महिला कॉलेज नवगछिया मात्र एक ही महिला महाविद्यालय है। इसमें बीएड की पढ़ाई होने से छात्रओं को बहुत लाभ होगा।
प्रतिकुलपति डॉ. एनके सिन्हा ने छात्र राजद के विवि अध्यक्ष व छात्रओं का आश्वास्त करते हुए कॉलेज की प्राचार्या निशा राय को दूरभाष पर निर्देश दिया कि वे विवि व एनसीटीई को बीएड की पढ़ाई शुरू करने के लिए पत्र भेजे। प्रतिकुलपति ने प्रतिनिधिमंडल को कहा कि वे कुलपति के आने के बाद गुरूवार को इस मांग से उन्हें अवगत करा देंगे। वहीं शिष्टमंडल ने परीक्षा नियंत्रक डॉ. ताहिर हुसैन से मिलकर मदन अहिल्या महाविद्यालय के तीनों पार्ट की प्रायोगिक परीक्षा गृह कॉलेज में करवाने का ज्ञापन सौंपा।
शिष्टमंडल में छात्र राजद के विवि अध्यक्ष के साथ साथ एमएएम कॉलेज की छात्र राजद अध्यक्षा अराधना रानी, खुशबू कुमारी, रीणा कुमारी, सीमा खातून, स्वीटी कुमारी, रीना कुमारी, नासरीन, सपना, सोनी, मीनू, स्मिता, श्वेता , नीलू कुमार, नीलम कुमारी, खुशबू, रजनी, छाया, अंजली आदि छात्रएं शामिल थी।
