ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया एसपी आवास पर निशांत के परिजनों सहित कई दल के लोगों ने दिया धरना

नवगछिया एसपी आवास के सामने  बीस दिनों से लापता निशांत के परिजनों सहित कई दल के लोगों ने बुधवार को सांकेतिक धरना दिया | जिसका नेतृत्व पूर्व सांसद अनिल कुमार यादव कर रहे थे | जिनके पास रखी तख्तियों में लिखा था - हमें निशांत चाहिये |
इस धरना में मुख्य रूप से भागलपुर के जिला पार्षद गौरव राय, युवा राजद के प्रदेश महासचिव अरुण कुमार यादव, झारखंड यूवा लोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा0 नितेश कुमार "बंटी", अकलेश कुमार छात्र राजद अध्यक्ष जीबी कालेज नवगछिया, सीपीआई के प्रो0 रामचन्द्र यादव, लापता छात्र निशांत कश्यप के पिता अशोक कुमार सिंह, भाई रूपेश कुमार तथा प्रवेश कुमार यादव नवगछिया जिला लोजपा के कार्यकारी अध्यक्ष सहित लगभग दो दर्जन लोगों की मौजूदगी देखी गयी |
धरना के बाद इन लोगों ने नवगछिया एसपी के अनुपस्थिति के कारण उनके कार्यालय में ज्ञापन भी दिया है | जिसमें कहा गया है कि अगर पाँच दिनों के अंदर निशांत की बरामदगी नहीं हुई तो लोक तांत्रिक प्रक्रिया से आंदोलन को मजबूर होंगे | जिसकी सारी जवाबदेही पुलिस प्रशासन की होगी |
मौके पर पूर्व सांसद ने कहा कि नवगछिया में अपराधियों का बोलबाला है | यहाँ हत्या, अपहरण एवं अन्य अपराध चरम पर हैं | इस सुशासन की सरकार में नवगछिया का अपहरण और अपराधउद्योग चरम पर है | जहां राजनैतिक कार्यकर्ता तथा उनका बेटा अथवा भाई कोई भी सुरक्षित नहीं है |
वहीं जिला पार्षद गौरव राय ने कहा कि लगता है कि पूरा नवगछिया पुलिस जिला अपराधियों के हाथों गिरवी रखा जा चुका है | यहाँ अपराधियों का राज है | जहां हम और हमारे बच्चे तक सुरक्षित नहीं हैं | यहाँ एक बड़ा आंदोलन खड़ा होगा | जिसकी जिम्मेवारी यहाँ के शासन और प्रशासन की होगी |