
असम छात्र संगठन के नेताओं ने की राज्यपाल व उप मुख्यमंत्री से की मुलाकात
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेताओं ने नवगछिया में हुये प्रीतम हत्याकांड की जांच सीबीआइ से कराने की मांग की है। इस सिलसिले में गुरूवार को असम से आये अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के प्रांतीय संगठन के नेताओं ने बिहार के राज्यपाल देवानंद कुंवर व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से मुलाकात की।
संगठन के नेताओं ने असम के मूल निवासी व बिहार के राज्यपाल देवानंद कुंवर से असम की जनता की इच्छा से अवगत कराया। इस मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने विचार कर उचित निर्णय करने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि बुधवार को शाम में पुलिस महानिदेशक अभयानंद से असम से आये अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेताओं ने मुलाकात की थी। मुलाकात के क्रम में एडीजी, रेल पारसनाथ राय व आइजी, रेल विनय कुमार उपस्थित थे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांतीय संगठन मंत्री, नार्थ इस्ट मनोज ने बताया कि वे बिहार पुलिस द्वारा प्रीतम हत्याकांड की जांच की दिशा से संतुष्ट है, लेकिन असम की जनता की भावना है कि पूरे मामले की जांच सीबीआइ से करायी जाये। गौरतलब है कि प्रीतम हत्याकांड की जांच के क्रम में हाल ही में जीआरपी को सहयोग कर रहे नवगछिया जिला पुलिस बल को उसके लैपटॉप का कवर व रेल नीर की बोतल घटनास्थल के समीप स्थित झाड़ी से मिला था।