ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

यात्री सुविधाओं का होगा विकास : मोदी

राम प्रकाश गुप्ता, नई सीढ़ी घाट (सुल्तानगंज)
84 किलोमीटर लंबे कच्चे कांवरिया पथ में प्रत्येक तीन-चार किलोमीटर की दूरी पर सरकार स्थायी विश्राम गृह, शौचालय और स्नानागार बनवाएगी। ताकि कांवरिए वर्षपर्यत बाबाधाम जा सकें। यह धर्म का काम है। इसमें धर्म प्रेमियों और स्वयंसेवी संगठनों को भी आगे आना चाहिए। धर्मशालाओं के निर्माण में उनकी भी भागीदारी होनी चाहिए। ये उद्गार उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंगलवार को सुल्तानगंज के नई सीढ़ी घाट में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के उद्घाटन समारोह में व्यक्त किए।
मोदी ने कहा कि वे चाहते हैं कि यहां ऐसा माहौल बने कि लोग पूरे साल यहां से जल भरकर देवघर जाएं। उन्होंने कहा, सरकार सुल्तानगंज को विकसित करना चाहती है। सरकार की कोशिश यहां शौचालय, बिजली, पानी, की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की है। बीते छह वर्षों में सरकार ने एक-एक कर सभी वादे पूरे किए है। 70 करोड़ रुपये खर्च कर कच्चे कांवरिया पथ का निर्माण कराया। कठपुलवा पुलों के स्थान पर तीन-तीन नए पुल बनवाए। इतना ही नहीं कांवरिया पथ में 34 बड़े और 197 छोटी पुलिया भी बनवाई गई हैं। इससे देवघर की दूरी 15 किलोमीटर घटी है। अजगवीनाथ मंदिर के पास फुट ओवरब्रिज का निर्माण राजग के शासनकाल में ही हुआ है।
इस दौरान उद्घाटन समारोह के कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह ने की। सिंह ने कहा कि सरकार कांवरियों की यात्रा और अधिक सुगम बनाना चाहती है। भविष्य में यहां सुविधाएं और बढ़ेंगी। उन्होंने कांवरियों से आह्वान किया कि वे जब घर लौटें तो कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं। इससे प्रकृति बचेगी। गंगा को स्वच्छ रखने के लिए हमें आगे आना होगा। यह काम अकेले सरकार नहीं कर सकरी है। सबका सहयोग जरूरी है।
स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने अजगवीनाथ में उत्तरवाहिनी गंगा के दूर चले जाने पर चिंता जताई। उन्होंने यहां तक गंगा को वापस लाने के लिए केंद्र से मंदिर के पीछे नहर बनाने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री से सुल्तानगंज को धार्मिक केंद्र के रूप में मान्यता देने और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की मांग भी की।
नगर विकास व आवास मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने दावा किया कि विभाग ने इस वर्ष बेहतर इंतजाम किए हैं। सुल्तानगंज को कई अलग-अलग योजनाओं में धन दिया जा रहा है। प्रकाश के बेहतर प्रबंध के लिए 30 सोलर लैंप लगाए जा रहे हैं। नदी में गंदे पानी का बहाव रोकने के लिए भी योजना बनाई गई है। नाली व जल निकासी के लिए भी राशि आवंटित की जाएगी।
पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू ने कहा कि इस वर्ष उनके विभाग द्वारा सुल्तानगंज में एक बड़ा पंडाल बनाया गया है। यहां कांवरिए विश्राम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठा सकेंगे। यहां एक माह तक प्रतिदिन गंगा महाआरती होगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग डीएम के जरिए जो भी प्रस्ताव भेजेगा उस पर विचार होगा। अगले वर्ष से विभाग और अधिक इंतजाम करेगा।
बांका की सांसद पुतुल कुमारी ने मेले की व्यवस्था में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी न होने पर चिंता जताई। विधायक सुबोध राय ने पर्यटन मंत्री से रज्जू मार्ग का निर्माण कराने की मांग की। मेला प्राधिकार के सदस्य अरुण सिंह ने गंगा को नजदीक लाने पर सरकार से विचार करने को कहा।
इससे पूर्व डीएम प्रेम सिंह मीणा ने मेले में की गई तैयारियों की चर्चा की। इस मौके पर मंच संचालन आकाशवाणी के शंकर कैमूरी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन अपर समाहर्ता प्रभात कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर आइजी एके अंबेडकर, डीआइजी डॉ. अमित कुमार जैन, आयुक्त मिन्हाज आलम, एसएसपी केएस अनुपम, विधायक नीता चौधरी, अमन पासवान, अजय मंडल व कुमार ई.शैलेंद्र भी उपस्थित थे।