बिहार की मांग को स्वीकार करते हुए मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने राज्य में दो केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय किया है। इनमें एक केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी में और दूसरा गया में स्थापित किया जायेगा।बिहार में केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थान के मुद्दे पर पिछले दो वर्ष से मानव संसाधन विकास मंत्रालय और राज्य सरकार के बीच गतिरोध रहा था।
मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल से संवाददाताओं से कहा, ‘ मैंने मोतिहारी में केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने को मंजूरी प्रदान कर दी है। मुझे इस बात की खुशी है कि यह विषय सुलझा लिया गया है।’ बेहतर आधारभूत संरचना और सम्पर्क मार्ग होने के कारण मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने गया में केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय किया है।गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोतिहारी में केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने पर जोर देते रहे हैं। यह विषय पिछले दो साल से पत्राचार में उलझा हुआ था।