ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

गंगा नदी पर एक और नये सेतु की आवश्यकता : शाहनवाज

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और स्थानीय सांसद शाहनवाज हुसैन ने भागलपुर में गंगा नदी पर एक और नये सेतु के निर्माण की आवश्यकता जताई है। उनका मानना है कि बाइपास, विजय घाट पर निर्माणाधीन पुल और एनएच-106 का निर्माण पूरा होने के बाद वर्तमान विक्रमशिला सेतु पर यातायात का बोझ बढ़ जाएगा। तब विक्रमशिला सेतु पर पैदल भी चलना मुश्किल हो जाएगा। आज इसकी जरूरत को देखते हुए कार्रवाई नहीं की गई तो सभी प्रोजेक्ट बेकार साबित हो जाएंगे।
शाहनवाज रविवार को भागलपुर के जिला अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्री सीपी जोशी और बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव को उन्होंने पत्र लिखा है। सांसद ने कहा कि वर्तमान में विक्रमशिला सेतु दो लेन का है। यह भविष्य की जरूरत के हिसाब से कम है। इसलिए इसके समानांतर दो लेन का ही सेतु निर्माण जरूरी है। सांसद का मानना है कि सेतु में भारत सरकार सहयोग करे और बिहार सरकार इसे बनाए। उन्होंने कहा कि विजय घाट पर सेतु का निर्माण चल रहा है। इसका निर्माण पूरा होने के बाद भागलपुर पर यातायात का दवाब बढ़ेगा। अभी यह उत्तर बिहार को जोड़ता है।
सांसद ने कहा कि बाइपास की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उम्मीद है कि यह जमीन पर शीघ्र उतरेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी मामूली गतिरोध है उसे 31 जुलाई तक दूर करने का अनुरोध केंद्र के अधिकारियों से किया गया है। बाइपास के लिए वे 33 बार केंद्रीय मंत्री जोशी से मिले हैं। अब नए सेतु के लिए इससे भी अधिक बार वे मिलेंगे। उन्होंने कहा कि बिहपुर-वीरपुर एनएच-106 का निर्माण उनका सपना है। इसे भी पूरा कराएंगे। सांसद ने कहा कि अभी विक्रमशिला सेतु पर टोल टैक्स वसूलने के नाम पर जाम लगता है।