ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

गुवाहाटी में लड़की को निर्वस्त्र करने की देशभर में निंदा, 4 गिरफ्तार

असम के मुख्य शहर गुवाहाटी में एक व्यस्त सड़क पर 11 लोगों द्वारा एक किशोरी को निर्वस्त्र कर उससे छेड़छाड़ किए जाने की घटना के चार दिन बाद शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना की एक वीडियो क्लिप टेलीविजन पर दिखाए जाने के बाद देशभर के लोगों ने इस घटना की निंदा की और पुलिस की सुस्ती को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने कहा कि सोमवार रात हुई इस घटना में शामिल 11 आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश की जा रही है।
सोमवार की रात करीब 9।30 बजे व्यस्त जीएस रोड स्थित क्लब मिट नामक पब से 17 वर्षीय किशोरी एक अन्य लड़की के साथ निकली। वह ऑटोरिक्शा का इंतजार कर रही थी, तभी 11 लोगों ने उसे घेर लिया। दूसरी लड़की भागने में कामयाब रही।किशोरी चिल्लाती रही, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। उस रास्ते से गुजर रहे एक वरिष्ठ पत्रकार मुकुल कालिता ने उन वहशी लोगों को रोका और मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से किशोरी को बचाया।किसी ने इस घटना की वीडियो क्लिप तैयार की और इंटरनेट पर डाल दिया। इस क्लिप को मंगलवार सुबह सभी स्थानीय समाचार चैनलों ने दिखाया जिससे लोगों में गुस्सा और दहशत फैल गया। बाद में इस वीडियो क्लिप को अन्य प्रमुख समाचार चैनलों ने भी दिखाया जिस पर देशभर से व्यापक प्रतिक्रयाएं सामने आईं।गुवाहाटी में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शहर भर में होर्डिग लगाकर उन पर 11 आरोपियों की तस्वीरें लगाईं और लोगों से कहा कि वे पुलिस को जानकारी दें कि ये आरोपी कहां छिपे हुए हैं।
कृषक मुक्ति संग्राम समिति के नेता एवं असम के प्रमुख बांध विरोधी कार्यकर्ता अखिल गोगोई ने पुलिस पर वास्तविक गुनहगारों को बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने गुवाहाटी के एक पत्रकार को मुख्य आरोपी बताया। अखिल ने इस घटना की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की और कहा कि पुलिस मुद्दे को भटकाने का प्रयास कर रही है।पीड़ित लड़की का बयान दर्ज कर लिया गया है और इस अपराध में संलिप्त सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक स्थानीय चैनल द्वारा तैयार वीडियो फुटेज को देखने के बाद हमने सभी आरोपियों पहचान कर ली है।इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश की जा रही है।