ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया स्टेशन पर गड़बड़ियां देख बिगड़े डीआरएम सहित कई अधिकारी

नवगछिया स्टेशन तथा प्लेटफार्म पर गंदगी और स्टेशन मास्टर कक्ष में कई प्रकार की गड़बड़ियां देख डीआरएम सोनपुर रमण लाल गुप्ता सहित कई अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्टेशन मास्टर और स्टेशन अधीक्षक को कड़ी फटकार लगायी। साथ ही स्टेशन मास्टर को चार्ज सीट देने का आदेश अपने अधिकारियों को दिया। सुरक्षा और संरक्षा को लेकर पूर्व मध्य रेल अंतर्गत सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रमण लाल गुप्ता गुरूवार को कई स्टेशनों का निरीक्षण करने के बाद नवगछिया स्टेशन पहुंचे थे। जहां अपने गहन निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर कई तरह की अनियमितताएं भी पायी । जिसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किये गए।
इस निरीक्षण के क्रम में मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक बीएनपी वर्मा, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त मो० साकिब, विशेष शाखा के हेमन्त लाल, आरपीएफ इन्स्पेक्टर बिहपुर संजय कुमार, मंडल वाणिज्य निरीक्षक रमेश प्रसाद सहित मंडल के कई वरीय अधिकारी भी साथ थे।
नवगछिया स्टेशन पर उतरते ही डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक को प्लेटफार्म नंबर एक और तीन के नीचे गंदगी का अवलोकन कराया। साथ ही फटकार लगाते हुए कहा कि इन लाइनों की हालत देखो कितनी खराब है। इसके बाद प्लेटफार्म पर लगे नलों को खुद से जांच किया। पार्किंग स्टैंड पर जा कर वाहन चालकों और किरानी से वसूले जा रहे टेक्स की जानकारी ली। नए भवन और टिकट काउंटर की जांच की। जिसे अपग्रेड करने का आदेश दिया।
इसके अलावा स्टेशन अधीक्षक के कक्ष के बाहर मक्खियों का अम्बार देख डीआरएम स्टेशन मास्टर कक्ष पहुंचे। जहां कंट्रोल पैनल के संचालन के साथ साथ विभिन्न रजिस्टरों की जांच भी की गयी। इस दौरान पाया गया कि कई रजिस्टर अधूरे पड़े थे। तो कई में इंट्री सही नहीं थी। वहीँ सिग्नल विफलता मेमो, जेनरेटर रनिंग रजिस्टर की जांच के दौरान भी गड़बड़ियां नजर आयीं। कई प्रकार के सुरक्षा उपकरणों की भी पूछताछ की। शिकायत पुस्तिका में दर्ज १५ मई की शिकायत का अब तक निष्पादन नहीं होने पर भी नाराजगी जाहिर की।
सबसे ज्यादा मामला तो तब गड़बड़ाया जब स्टेशन कंट्रोल पैनल से एक रोज में एक सौ तीन बार सिग्नल को लाल करने का मामला पकड़ में आया। जिसपर कोई भी स्थानीय अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं। जिसे लेकर अधिकारी आपस में ही उलझने लगे। स्थिति की विषमता को भांप डीआरएम चलते बने।