ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नहीं है मुसाफिरों के ठहरने का ठिकाना

पूर्व मध्य रेल के बरौनी-कटिहार रेल खंड अंतर्गत अच्छी आमदनी देने वाला स्टेशन है नवगछिया। जिसे भागलपुर का एक द्वार भी माना जाता है। यहां आने जाने के क्रम में बड़े-बड़े नेता, मंत्री, मुख्यमंत्री एवं अधिकारी इस स्टेशन पर उतरते और चढ़ते है। इस स्टेशन को रेल मंत्री ममता बनर्जी की ममता के तहत आदर्श स्टेशन का दर्जा मिला है। जिसका निर्माण कार्य साल भर में भी पूरा नहीं हो सका है। हर जगह धीमी गति से कार्य कराए जाने के कारण यहां मुसाफिरों को ठहरने की जगह तलाशने पर भी जगह नहीं मिलती है। प्रतीक्षालय, विश्रमालय, मुसाफिर खाना इत्यादि नहीं है। इसके अभाव में यहां यात्रियों को खुले आकाश के नीचे वर्षा, धूप और अब शीत लहर में समय काटने को मजबूर होना पड़ रहा है।

इससे भी ज्यादा विषम परिस्थिति तब उत्पन्न हो जाती है जब किसी भद्र महिला को लघुशंका की इच्छा हो जाती है। इस स्टेशन पर फिलहाल कोई सुविधा खोजने पर नहीं मिलती। लाचारीवश किसी रेलकर्मी के क्वार्टर की खोज करनी पड़ती है। उस वक्त लोग कहते है कि मैं तो बेघर हूं। अपने घर ले चलो। घर में हो मुश्किल तो दफ्तर ले चलो। आखिरकार जब कोई परिचित रेल कर्मी नहीं मिलता है तब स्टेशन मास्टर का दफ्तर ही काम आता है।

क्या कहते है यात्रीगण

नवगछिया स्टेशन से दैनिक यात्रा करने वाले पंकज कुमार, विपिन कुमार, दिनेश कुमार, भूषण प्रसाद सिंह, राजा हुसैन सरीखे दर्जनों यात्रियों को कहना है कि आखिरकार कब तक होता रहेगा यहां निर्माण। अब तक यहां बनने वाले उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय, यात्री विश्रामालय, मुसाफिर खाना की समय सीमा तय क्यों नहीं हो रही है। एक तरफ रेल के पास किसी चीज की कमी नहीं है तो दूसरी तरफ नवगछिया स्टेशन के निर्माण में इतना विलंब क्यों लग रहा है।

क्या कहते है अधिकारी

नवगछिया मॉडल स्टेशन पर यात्रियों को हो रही दिक्कत के मामले में अधिकारियों का कहना है कि हर अधिकारियों के पास काम की अधिकता है। निर्माण करा रहे ठेकदार के द्वारा भी कई जगहों के काम चलाए जा रहे है। यहां का विश्रामालय एवं उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय जल्द ही चालू होने की संभावना है। द्वितीय श्रेणी के प्रतीक्षालय का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। यात्री शेड का विस्तार भी जल्द प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कई अन्य सुविधाएं भी इस स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही मिलने वाली है।