राजेश कानोडिया , नवगछिया । नवगछिया सहित पूरे कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए वर्ष 2011 नया सवेरा साबित होगा। इसके लिए कोसी नदी पर विजय पुल के निर्माण का कार्य 24 दिसम्बर से प्रारंभ कर दिया गया है। जो मात्र 42 महीने में पूरा भी हो जायेगा।
तब कोसी क्षेत्र के लोगों का सीधा संपर्क दक्षिण बिहार तथा झारखंड के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों से सुगम हो जायेगा। बाढ़ के समय टापूनुमा रहने वाले कोसी क्षेत्र की समस्या भी नहीं रह जायेगी। विजय पुल का निर्माण कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने एसपी सिंगला कन्सट्रक्सन से प्रारंभ कराया है। इस संस्था के प्रोजेक्ट हेड सोमेश शर्मा के अनुसार इस पुल का रास्ता फोर लेन होगा।

पुल की लंबाई 1840 मीटर तथा चौड़ाई 20.7 मीटर होगी। इस पुल पर आने और जाने के अलग-अलग रास्ते होंगे। जिसमें 7.5 मीटर चौड़ा वाहनों के लिए तथा 1.5 मीटर पैदल चलने का रास्ता भी होगा। पूरा पुल 36 पाए पर टिका होगा। दो पाए के बीच की दूरी 52.5 मीटर रखी गयी है। इस पुल पर पहुंचने के लिए नवगछिया जीरो माइल से मात्र ढाई किलोमीटर उत्तर जाना होगा। जबकि पुल के उस पार पहुंच पथ का लंबाई 8.75 किलोमीटर होगी। इस कार्य के लिये 219 करोड़ 47 लाख खर्च की योजना स्वीकृत है। विजय पुल का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जहां स्थानीय लोगों के सहयोग से एक कॉलोनी का निर्माण कर कार्य में लगे अधिकारी एवं काम करने वाले रह रहे है। इस पुल के निर्माण में संस्था द्वारा पूर्ण रूप से अत्याधुनिक मशीनों का उपयोग कर कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। जिसमें बेचिंग प्लांट, ट्रांजिट मिक्सचर तथा कंक्रीट पम्प (बूम प्रेसर वाली)को कार्य करते देखा जा रहा है। फिलहाल पुल के प्रारंभ होने से पहले ही सैकड़ों लोगों को रोजगार मिला है। जहां दर्जनों ट्रैक्टर भी कार्यरत है। लौह सामग्री का कारखाना अलग दिखता है। जिसे लोग नया सवेरा भी कह रहे है।