दुर्गा पूजा पर देशवाली कन्या प्राथमिक विद्यालय में बच्चों ने प्रस्तुत किया शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा के विभिन्न रूपों का सांस्कृतिक कार्यक्रम
राजेश कानोडिया, नवगछिया। देशवाली कन्या प्राथमिक विद्यालय, नवगछिया, भागलपुर में दुर्गा पूजा, दशहरा एवं विजयादशमी के पावन पर्व के दौरान विद्यालय के बच्चों द्वारा एक आकर्षक एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा कुशुम सिंह, आलिया प्रवीण, आराधना रानी, सोनाक्षी कुमारी, रुचि राज, सृष्टि, मिष्ठी कुमारी, स्वीटी कुमारी, डोली कुमारी एवं तमन्ना खातून ने शक्ति, साहस और नारी सशक्तीकरण की प्रतीक माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को प्रदर्शित करते हुए मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, बुराई पर अच्छाई की विजय तथा नारी शक्ति के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यालय में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। इससे उनमें आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, सामूहिक सहयोग, मंच पर प्रस्तुति देने का साहस तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। साथ ही, बच्चों में सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों का भी विकास होता है।
विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें निखारना तथा एक संस्कारवान, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना भी विद्यालय परिवार अपना नैतिक जिम्मेदारी समझता है।