नशामुक्ति का संदेश लेकर 8 राज्यों की टीम पहुंची नवगछिया, बाइक रैली में एसपी भी हुए शामिल, छात्राओं ने किया स्वागत
राजेश कानोडिया, नवगछिया (भागलपुर)। पूर्वोत्तर भारत के 8 राज्यों की टीम गुरुवार को राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर बाइक रैली के क्रम में नवगछिया पहुंची। इस अभियान का समापन 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात में होगा। स्थानीय स्तर पर इस अभियान में नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा, एसडीपीओ सयाम रजा सहित कई थानाध्यक्ष और पुलिस पदाधिकारी भी शामिल हुए। रैली का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा के पास रैली में शामिल टीम के लोगों का स्वागत किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने वेलकम बैंड, नृत्य और गायन की आकर्षक प्रस्तुतियों से जवानों का उत्साह बढ़ाया। एसपी वैभव शर्मा और एसडीपीओ सयाम रजा ने जवानों को मंजूषा पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आमजन से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। यह अभियान लोगों को एकजुट होकर नशामुक्त भारत के निर्माण और देश की एकता को अक्षुण्णता के लिए प्रेरित कर रहा है।