साइबर ठगी का नया तरीका: पार्सल का पता अपडेट कराने की बात कर बैंक खाते से कर ली 47,588 रुपये की अवैध निकासी
नवगछिया। साइबर ठगों ने पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र में पार्सल का पता अपडेट कराने का झांसा देकर एक रिटायर आर्मी जवान को निशाना बनाया। रंगरा निवासी पवन कुमार जायसवाल (53 वर्ष) के बैंक खाते से ठगों ने कुल 47,588 रुपये की अवैध निकासी कर ली। यह जानकारी देते हुए पीड़ित ने मंगलवार को साइबर थाना नवगछिया में आवेदन देकर बताया कि 9 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल नंबर पर 7439716081 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पार्सल डिलीवरी कंपनी का कर्मचारी बताते हुए पता अपडेट कराने की बात कही और व्हाट्सऐप पर जानकारी भेजने को कहा।इसी दौरान कुछ ही देर में उनका मोबाइल फोन हैंग हो गया। करीब 30 मिनट बाद जब मोबाइल दोबारा चालू हुआ तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। जांच करने पर पता चला कि उनके बैंक खाता संख्या 11733127003 से दो बार अवैध निकासी की गई है। पहली बार 27,588 रुपये और दूसरी बार 20,000 रुपये अज्ञात व्यक्ति के नाम से ट्रांसफर किए गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसकी कंप्लेंट आईडी 30501260002878 है। साथ ही साइबर थाना नवगछिया में लिखित आवेदन देकर ठगी गई राशि की वापसी एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और साइबर ठगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी अथवा बैंक से संबंधित विवरण किसी के साथ साझा न करें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।