ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नहीं रहे सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत राय, मुंबई के अस्पताल में हुआ निधन

नहीं रहे सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत राय, मुंबई के अस्पताल में हुआ निधन

Subrata Roy Passes Away: देश भर में फैले सहारा इंडिया संस्था के प्रमुख सुब्रत रॉय का 75 साल की उम्र में मंगलवार (14 नंवबर) को मुंबई में निधन हो गया। सुब्रत रॉय का यहां एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत रॉय का कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट से निधन हो गया है।

कंपनी ने आगे कहा कि 12 नवंबर को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने 14 नवंबर की रात के साढ़े 10 बजे आखिरी सांस ली। सहारा ग्रुप के चेयरमैन रॉय का पार्थिव शरीर यूपी के लखनऊ में बुधवार (15 नवंबर) को लाया जाएगा।

सुब्रत रॉय का जन्म 10 जून 1948 को अररिया (बिहार) में हुआ था। उन्होंने गोरखपुर के सरकारी टेक्निकल इंस्टीट्यूट से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। उन्होंने अपने बिजनेस की शुरुआत गोरखपुर से 1976 में किया था।

मीडिया से लेकर फाइनेंस तक फैला है कारोबार

1992 में सहारा ग्रुप ने राष्ट्रीय सहारा नाम का न्यूज पेपर निकाला। साथ ही कंपनी ने 'सहारा टीवी' नाम से अपना टी चैनल भी लॉन्च किया। बता दें, कंपनी मीडिया से लेकर रियल एस्टेट, फाइनेंस सहित कई सेक्टर में काम कर रही है।

सहारा इंडिया परिवार का साम्राज्य एक समय काफी बड़ा हो गया था। टाइम मैगजीन ने एक बार अपनी रिपोर्ट में कहा था कि रेलवे के बाद देश में सबसे अधिक रोजगार सहारा ग्रुप देने वाला समूह था। समूह का दावा था कि उनके साथ करीब 9 करोड़ निवेशक जुड़े थे। जिसमें गांव से लेकर शहरों तक के लोग जुड़े थे।

सुब्रत रॉय को 2014 से कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। लम्बी कानूनी लड़ाई के बाद वे पैरोल पर बाहर आ गए थे।

अखिलेश यादव क्या बोले?
अखिलेश यादव ने कहा कि सहारा श्री सुब्रत रॉय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावात्मक क्षति है क्योंकि वो एक अति सफल व्यवसायी के साथ-साथ एक ऐसे अति संवेदनशील विशाल हृदयवाले व्यक्ति भी थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की उनका सहारा बने। भावभीनी श्रद्धांजलि!