ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया पुलिस पर लगा बदनुमा दाग, हुआ महिला सिपाही से दुष्कर्म का प्रयास

नवगछिया पुलिस पर लगा बदनुमा दाग, हुआ महिला सिपाही से दुष्कर्म का प्रयास
नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया के न्यू पुलिस लाइन में पुलिस जवानों के लिए बने बैरक में शराब के नशे में शुक्रवार की देर रात पीटीसी सिपाही जयमेंद्र सिंह ने महिला सहकर्मी सिपाही के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब महिला सिपाही ने हल्ला किया तो वहां अन्य महिला सिपाही पहुंच गई और विरोध करते हुए आरोपी जयमेंद्र सिंह को धक्का मारते हुए महिला बैरक से बाहर पुरुष बैरेक तक ले गई। उन लोगों ने तत्काल नवगछिया थाना, डीएसपी मुख्यालय, नवगछिया थाना प्रभारी भारत भूषण, मेजर और महिला थाना प्रभारी को भी इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आरोपी सिपाही जयमेंद्र सिंह को हिरासत में लिया और नवगछिया थाना ले गई। वहां से अनुमंडलीय अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच करवाई गई। जहां जांच में पाया गया कि आरोपी सिपाही ने शराब पी रखी थी। पुलिस पीड़िता को भी महिला थाना ले गई। 
बताते चलें कि न्यू पुलिस लाइन में बनी एक ही बिल्डिंग में नीचे पुरुष और ऊपर महिला सिपाही का बैरक है। सब वहीं एक ही भवन में रहते हैं। देर रात सिपाही जयमेंद्र सिंह ऊपरी बैरक में पहुंच गया। जो नशे की हालत में था। महिला सिपाही के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी सिपाही रोहतास जिले के दिनारा का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत तीन थानों की पुलिस न्यू पुलिस लाइन पहुंच गई। वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात उस बिल्डिंग से सभी पुरुष सिपाहियों को हटाकर होमगार्ड के बैरक में शिफ्ट कर दिया गया।
 इस मामले में नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि इस मामले की जांच सार्जेंट मेजर और डीएसपी मुख्यालय से करायी गई। मामला सत्य पाए जाने पर महिला सिपाही के आवेदन पर महिला थाना में भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 323/ 354/ 354ए/ 376/ 511 तथा 37 बिहार मद्य निषेध एवम उत्पाद अधिनियम 2018 के तहत कांड संख्या 48/23 मामला दर्ज कर आरोपी सिपाही को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलवाकर उसे जल्द सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। जिससे दोबारा इस तरह की शर्मनाक हरकत ना हो सके।