भीषण गर्मी का असर: भागलपुर जिले में फिर बदला स्कूलों का समय, अब 10:45 में ही होगी बच्चों की छुट्टी


नव-बिहार समाचार, भागलपुर। जिले में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने एक बार फिर से स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है।
सभी स्कूलों में अब गुरुवार से सुबह 10:45 बजे तक ही कक्षाएं संचालित होंगी। बच्चों को गर्मी व लू से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने सभी सरकारी, गैर सरकारी, प्री नर्सरी, आंगनबाड़ी केंद्र में छुट्टी सुबह 10:45 बजे करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने कहा कि जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते अधिकतम तापमान की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इससे पहले बच्चों की कक्षा सुबह 6:45 से 11:45 बजे तक संचालित की जा रही थी। नये आदेश आने के बाद स्कूल प्रबंधकों द्वारा अभिभावकों को मैसेज कर छुट्टी की टाइमिंग में किये बदलाव की जानकारी दे दी गयी है।




