बिजली और कटाव को लेकर अनुमंडल मुख्यालय पर लोजपा (रा) ने दिया धरना
राजेश कानोडिया, नवगछिया। बिजली, कटाव व अपराध को लेकर गुरुवार को नवगछिया अनुमंडल मुख्यालय पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष अवधेश पासवान की अध्यक्षता में एक दिवसीय धरना दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया को सात सूत्री एक मांग पत्र भी सौंपा। जिसमें बिजली से जुड़ी छह समस्याओं के साथ साथ मदरौनी बांध बनाने, गंगा और कोसी से हो रहे कटाव से बचाव तथा कटाव पीड़ितों को बसाने तथा नवगछिया को पूर्ण जिला और धोलबज्जा को प्रखंड बनाने एवं दूध का मूल्य सरकार द्वारा सुनिश्चित करना है।
वहीं धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए लोजपा (रा) के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व प्रत्याशी सुरेश भगत ने कहा कि बिजली विभाग राज्य के लोगों का शोषण कर रहा है। बिहार में महानगरों से भी महंगी बिजली मिलती है। बिजली की दर में 30 फीसदी की कटौती की आवश्यकता है। बीपीएल परिवारों और खेतिहर किसानों को 150 यूनिट फ्री बिजली मिलनी चाहिए। अनुमंडल में कई जगहों पर गलत बिलिंग कर उपभोक्ताओं का आर्थिक दोहन हो रहा है। विभाग ने अपना दमनकारी रवैये ठीक नहीं किया, तो पार्टी तेज आंदोलन चलायेगी।
मौके पर बाढ़ और कटाव की समस्या को उठाते हुए उन्होंने रंगरा के मदरौनी, झल्लूदास टोला, ठाकुर जी कचहरी टोला, तीनटंगा आदि गांवों की समस्या पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यहां अपराध भी चरम पर है। नवगछिया के इतिहास में आज तक कभी बैंक डकैती नहीं हुई थी, लेकिन आज अपराधी इतने बेलगाम है कि बैंकों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। नवगछिया को पुलिस जिला बने तीस वर्ष बीत गये, लेकिन सरकार ने आज तक पूर्ण राजस्व जिला का दर्जा नहीं दिया। ढोलबज्जा को प्रखंड का दर्जा नहीं दिया। मौके पर प्रदेश सचिव सह कार्यक्रम प्रभारी डॉ विष्णुदेव पासवान ने कहा कि लोजपा रामविलास चिराग पासवान के नेतृत्व में बिहार के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव प्रो विष्णुदेव पासवान, जिला महासचिव रवि शंकर प्रसाद, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष माला जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष अजय पासवान, अति पिछड़ा जिलाध्यक्ष प्रभात रंजन, नगर अध्यक्ष चंदा कुमारी, एससी एसटी जिलाध्यक्ष रिंकू पासवान के अलावा कैलाश यादव, नवीन सिंह कुशवाहा, गोपाल शर्मा, प्रीतम सिंह, जुगल किशोर शर्मा, सुनील शर्मा, अंबुज यादव, संदीप कुमार, निशांत चौरसिया, अशोक ठाकुर, दीपक कुमार व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।