एनएच 80 पर ट्रैक्टर के धक्के से बाइक सवार की हुई मौत, भाई घायल
कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत शिवनारायणपुर एनएच 80 पर जख बाबा स्थान के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार मलकपुर निवासी दुक्खन साह के 45 वर्षीय बेटे विजय साह की मौत हो गयी. हादसे में मृतक का बड़ा भाई कैलाश साह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया. सूचना मिलने पर मौके पर थाना से पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. उसके सिर व घुटने में गंभीर चोटें आयी हैं और केहुनी में फ्रैक्चर है. प्रारंभिक इलाज के बाद उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम करने का प्रयास किया, लेकिन वहां पहुंचे सीओ रामावतार यादव व थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती के समझाने पर लोग शांत हो गये. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती ने बताया कि हादसा होते किसी ने नहीं देखा है. आशंका है कि ट्रैक्टर से धक्का लगा है. इधर हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.