राजेश कानोडिया, नवगछिया। बहतरा गांव में आयोजित श्री विष्णु एवं श्रीराम कथा यज्ञ में श्रीशिवशक्ति योगपीठ के पीठाधीश्वर परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज देर शाम व्यास मंच पर आसीन होकर भजनों के माध्यम से श्रोताओं को भक्त और भगवान की महिमा से अवगत कराया। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि कण कण में परमात्मा व्याप्त है, प्रत्येक मनुष्य में वह विद्यमान है। बस ढूंढने की जरूरत है। जिसके लिए संत संगति और निष्ठा पूर्वक भक्ति की जरूरत है। उन्होंने भगवान विष्णु की महिमा का बखान करते हुए दशावतार की चर्चा की। मौके पर कथा व्यास मंच का शुभारंभ, व्यास मंच का पूजन तथा आरती की गई। यज्ञ कमेटी के सदस्यों ने बाबा को फूल माला से सम्मानित किया। यज्ञ अध्यक्ष बलराम मंडल, सचिव गोपाल मंडल, संरक्षक हीरालाल मंडल, यज्ञ सचिव सुधांशु, राजकुमार मंडल, मंच संचालन का कार्य मोतीलाल मंडल ने किया। वहीं कथावाचक पंडित मांगन, श्रीमती लक्ष्मी दीदी, पंडित चंद्र कांत शास्त्री के बाद अंत में परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज का प्रवचन हुआ। वहीं दोपहर में यज्ञ स्थल पर बने मंच का उद्घाटन भाजपा के वरिष्ठ नेता गगन प्रसाद चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर श्री चौधरी ने ग्रामीणों को इस तरह के आयोजन के लिए धन्यवाद भी दिया। यज्ञ स्थल पर हवन का कार्यक्रम हो रहा है।