नवगछिया के इंद्रधनुषीय श्री श्याम निशान यात्रियों की सुविधाओं का विष्णु खेतान ने लिया जायजा 
राजेश कानोडिया, नवगछिया (भागलपुर)। श्री श्याम महोत्सव 2023 को लेकर श्री श्याम भक्त मंडल के नवगछिया से भागलपुर 3 मार्च को जाने वाले इंद्रधनुषीय श्री श्याम निशान यात्रियों की सुविधाओं को लेकर केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ और रामायण रिसर्च काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु खेतान ने बुधवार को नवगछिया आकर श्री श्याम भक्त मंडल के पदाधिकारियों से वार्ता की। स्थानीय मारवाड़ी विवाह भवन में आयोजित वार्ता के दौरान विष्णु खेतान ने अधिक से अधिक श्याम भक्त और प्रेमियों के निशान यात्रा में शामिल होकर भागलपुर आने का न्योता दिया।साथ ही नवगछिया से भागलपुर के मंदरोजा स्थित श्री श्याम मंदिर तक पहुंचने में होने वाली असुविधाओं की जानकारी लेते हुए उसे दूर कराने का आश्वासन भी दिया। 
इस दौरान एक प्रेस वार्ता कर विष्णु खेतान ने बताया कि भागलपुर वासियों को नवगछिया के श्याम निशान यात्रियों का बेसब्री से इंतजार रहता है। जिसके नवगछिया से भागलपुर के रास्ते में चाणक्य विहार कॉलोनी पहुंचते ही स्वागत का सिलसिला शुरू हो जाता है। इस दौरान सभी भागलपुर वासी नवगछिया के सभी श्याम निशान यात्रियों के स्वास्थ्य, सफाई, भोजन, भजन इत्यादि का खासा ध्यान रखते हैं। इसके साथ ही बाबा श्याम के मंदिर स्थित दरबार में निशान समर्पित करने के बाद देवी बाबू की धर्मशाला में विश्राम और भजन कीर्तन तथा भोजन की व्यवस्था की गई है। भागलपुर आने वाले सभी श्याम निशान यात्रियों के मार्ग की जानकारी भागलपुर प्रमंडल और जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को भी दे दी गई है।
इस प्रेस वार्ता में केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ के अध्यक्ष विष्णु खेतान के साथ साथ राजेश टंडन, मनोज बुधिया, प्रकाश गोयनका, सुमित भगत और मो औरंगजेब तथा नवगछिया श्री श्याम भक्त मंडल के पूर्व अध्यक्ष अनिल केजरीवाल, मनोज चौधरी, नंदलाल तिवारी, संदीप चिरानियाँ,  रॉकी भरतीया, गोविंद केडिया एवं अशोक केडिया शामिल थे।