राजेश कानोडिया (नव-बिहार समाचार), नवगछिया (भागलपुर)। बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत पड़ने वाले भाजपा के जिला संगठन जिला नवगछिया में दो से 3 दिन के अंदर नए जिलाध्यक्ष की ताजपोशी होने की चर्चा जोरों पर है। इसे लेकर नए जिलाध्यक्ष के चयन के लिए पार्टी की कोर कमेटी की बैठक 31 दिसंबर को ही जिला भाजपा कार्यालय नवगछिया में जिला अध्यक्ष विनोद मंडल की अध्यक्षता में हुई थी। इस बैठक में शाहनवाज हुसैन और अनिल यादव तथा अभय बर्मन शामिल नहीं हुए थे। लेकिन, इस बैठक में प्रदेश महामंत्री सुशील चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, महामंत्री अरविंद चौधरी, नीलांबर झा और आलोक सिंह के साथ साथ विधान पार्षद डॉ एनके यादव और बिहपुर विधायक कुमार इंजीनियर शैलेंद्र भी शामिल हुए थे।
इस बैठक के दौरान कोर कमेटी के सदस्यों ने नवगछिया के नए जिलाध्यक्ष के लिए पार्टी को सुबोध सिंह कुशवाहा, विजय सिंह कुशवाहा, दिनेश यादव, आलोक सिंह तथा मनोज पांडेय के नामों को लेकर अनुशंसा की थी। अब जल्द ही इन नामों में से किसी नाम पर या पार्टी अपने स्वविवेक से दो से तीन दिन के अंदर ही नवगछिया के लिए नए जिलाध्यक्ष की घोषणा कर सकती है। वहीं बता दें कि इस समय नवगछिया में जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल हैं। जो 2016 से ही 2 बार लगातार पार्टी के जिलाध्यक्ष बनाये गये हैं। पार्टी के संविधान के मुताबिक लगातार दो बार ही एक व्यक्ति अध्यक्ष पद पर रह सकते हैं। वर्तमान जिला अध्यक्ष विनोद कुमार मंडल का कार्यकाल दिसंबर 2022 में ही पूरा हो चुका है। इसे लेकर अब नए अध्यक्ष की घोषणा जल्द होने वाली है। जिसके 2 से 3 दिनों के अंदर घोषणा होने की संभावना बनी हुई है।