नवगछिया में आज: विश्वकर्मा काष्ठ शिल्पी विकास समिति की जिलास्तरीय बैठक मीरा विवाह भवन में
NBS NEWS, NAUGACHIA: नव-बिहार समाचार, नवगछिया। विश्वकर्मा काष्ठ शिल्पी विकास समिति बिहार प्रदेश सह काष्ठ कर्मी संघ के तत्त्वज्ञान में भागलपुर जिलास्तरीय बैठक रविवार को नवगछिया स्थित मीरा विवाह भवन (मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय के निकट)आयोजित की गयी है। यह जानकारी देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सच्चिदानंद शर्मा ने बताया कि आजादी के पचहत्तर वर्षों बाद भी विश्वकर्मा के वंशज उपेक्षित हैं। इस समाज के जन्मजात इंजिनियर उद्योग धंधे के अभाव में मजदूरी पर निर्भर रह रहे हैं। उच्चतम न्यायालय के निर्णय के बावजूद आरा मिल का लाइसेंस नहीं दिया जा रहा है। लकड़ी का स्थान प्लास्टिक ले रहा है। इस सुशासन की सरकार में बढई-लोहार-कमार-ठठेरा के खिलाफ सामाजिक, राजनीतिक व आर्थिक अत्याचार, दोहन,शोषण निरंतर जारी है। इन्हीं समस्याओं पर विचार विमर्श करने हेतु जिलास्तरीय बैठक आयोजित की गयी है। इस दौरान जिला पदाधिकारी भागलपुर के समक्ष 24जनवरी के प्रदर्शन को सफल बनाने की रूपरेखा तय की जायेगी। जिसमें सैकडों की संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे।