ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

सेफ्टी टैंक में एक को बचाने उतरे दो मजदूर, तीनों की दम घुटने से हो गई दर्दनाक मौत

सेफ्टी टैंक में एक को बचाने उतरे दो मजदूर, तीनों की दम घुटने से हो गई दर्दनाक मौत
नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया के खैरपुर कदवा गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। जहां सेफ्टी टैंक में एक को बचाने उतरे दो मजदूर। दम घुटने से तीनो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बमबम मंडल, जय नंदन मंडल और श्रीलाल मंडल के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ओम प्रकाश और डीसीएलआर भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीलाल मंडल सबसे पहले सेफ्टी टैंक के अंदर काम करने उतरे थे। इसी दौरान जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें बचाने के लिए जय नंदन मंडल टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बेहोश हो गए। इसके बाद बमबम मंडल तीसरे व्यक्ति के रूप में नीचे गए, लेकिन वह भी बाहर नहीं लौट सके।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौथे व्यक्ति को रस्सी बांधकर नीचे उतारने की तैयारी की गई, लेकिन उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद प्रयास रोक दिया गया। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया।
जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल, राजेन्द्र यादव, मानकेश्वर सिंह सहित दर्जनों लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन मजदूरों की मौत ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और सुरक्षा मानकों के सख्त पालन की मांग कर रहे हैं।