ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर में युवाओं को लगाई जा रही है नशे की लत, प्रशासन की पहल जरूरी- राजेश वर्मा

भागलपुर में युवाओं को लगाई जा रही है नशे की लत, प्रशासन की पहल जरूरी- राजेश वर्मा
नव-बिहार समाचार। बिहार के भागलपुर में इन दिनों गुपचुप तरीके से गिरोह के द्वारा शहर के युवाओं को मुफ्त में ब्राउन शुगर जैसी नशीली चीजें उपलब्ध कराकर उनकी लत लगाई जा रही है. जिसके आदी होते ही वे युवा अपनी लत की पूर्ति के लिए घर वालों के साथ मारपीट व प्रताड़ना, समाज में चोरी व छीनाझपटी जैसी वारदातों को अंजाम देने के साथ किसी भी स्तर पर चले जा रहे हैं. शहर के लगभग हज़ारों परिवारों की यह कहानी प्रशासन की नजर में भी है लेकिन इसके बावजूद प्रशासन का मौन रहना चिंता का विषय है.

वहीं दूसरी तरफ भागलपुर में भैरवपूर के अभिभावको एवं युवासाथियों पर गर्व है, जिन्होंने प्रशासन के भरोसे रहकर शिथिल नहीं होते हुए अपने गाँव में नशा मुक्ति अभियान को लेकर प्रयास किया. रात में खुद से गाँव के चारों ओर भ्रमण और पहरा देने वाले लगभग 50 की टोली के सभी युवाओं एवं अभिभावक सक्रिय रहते हैं. यह जानकारी भागलपुर के डिप्टी मेयर राजेश वर्मा ने देते हुए उन्हें सलाम किया है. साथ ही बताया कि उन लोगों ने अपने दम पर न सिर्फ लगभग पचास प्रतिशत युवाओं की लत छुड़वाई, बल्कि उन्होंने नशा को बढ़ावा देने वाले चेन को भी तोड़ा है.

राजेश वर्मा का मानना है कि पूरे भागलपुर के लिए भी ऐसे प्रयास की जरूरत है. भागलपुर के युवा जिस रफ्तार से इस प्रकार के नशे के चंगुल में फँसते जा रहे हैं, प्रशासन से यही उम्मीद है कि वह इस ओर जल्द से जल्द कोई पहल करे.