ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में भी किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की सुविधा हुई शुरू, पहले यूनिट का हुआ उद्घाटन

नवगछिया में भी किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस की सुविधा हुई शुरू, पहले यूनिट का हुआ उद्घाटन
राजेश कानोडिया, नवगछिया (भागलपुर)। नवगछिया क्षेत्र में पहली एम्बुलेंस की सेवा प्रदान करने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (आसान रोड) स्थित जेआर मेमोरियल नर्सिंग होम के संस्थापक डॉ स्व एपी झा और डॉ ईरा झा के पुत्र सह जेआरएम पॉली क्लिनिक के संचालक डॉ सोमेन झा ने रविवार से नवगछिया में अनुमंडल के पहले डायलिसिस यूनिट की सुविधा प्रदान कर किडनी रोगियों को बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। नवगछिया के एसपी सुशांत कुमार सरोज, डॉ बीपी सिंह, जेआरएम पॉली क्लिनिक के निदेशक डॉ सोमेन झा, समाजसेवी पवन सर्राफ और प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने दीप प्रज्वलित एवं फीता काट कर इसका उद्घाटन भी रविवार को ही किया। इस अवसर पर डॉ इरा झा, डॉ बीएल चौधरी, डॉ अशोक केजरीवाल, डॉ अरुण राय, डॉ मुकुल पोद्दार, डॉ बादल चौधरी, प्रमुख समाजसेवी अजय कुमार रूंगटा, रामप्रकाश रूंगटा, जगदीश मावंड़िया, नवरत्न वर्मा, लायंस क्लब के अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, सचिव सुभाष चंद्र वर्मा, मुखिया प्रतिनिधि पप्पू यादव, नीरज जायसवाल, अभिमन्यु, अनुराग कुमार, समेत अन्य प्रमुख लोग भी मौजूद थे.
इस मौके पर संस्था के संचालक डॉ सोमेन झा ने बताया कि इस सुविधा का लाभ नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र के अलावा सीमावर्ती जिला कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा और खगड़िया क्षेत्र के किडनी रोगियों को भी भागलपुर से सस्ते दर पर डायलिसिस कराने की सुविधा नवगछिया में उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। जिससे इन क्षेत्र के रोगियों और लोगों के समय और पैसा दोनों की बचत होगी। डॉ सोमेन झा ने यह भी कहा कि जल्द ही आयुष्मान योजना के तहत यहां पर मुफ्त डायलिसिस की सुविधा भी दी जाएगी। जल्द ही डायलिसिस यूनिट की संख्या में वृद्धि भी की जायेगी। वहीं समाजसेवी पवन कुमार सर्राफ ने डायलिसिस की सुविधा को नवगछिया के लिए एक उपलब्धि बताया। जबकि प्रेम सागर ने  24 घंटे आपातकालीन सेवा शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ बीपी सिंह ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, तनाव मुक्त जीवन जीने और दर्द निवारक दवाओं के अनावश्यक उपयोग नहीं करने को लेकर विस्तार से जानकारी दी। मौके पर नवगछिया के एसपी सुशांत कुमार सरोज ने नवगछिया में स्वास्थ्य सुविधाओं में और ज्यादा बढ़ोतरी करने की आवश्यकता को बताया।