भाजपा नेता मो आबिद का हुआ आकस्मिक निधन, विधायक ने कहा पार्टी की हुई अपूरणीय क्षति
नवगछिया। खरीक प्रखंड के लोकमानपुर निवासी 48 वर्षीय भाजपा नेता मो आबिद का हार्ट अटैक से निधन हो गया है. गांव में ही हार्ट अटैक आने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए भागलपुर ले जा रहे थे. रास्ते मे ही जीरोमाइल के पास उनकी मृत्यु हो गयी. आबिद को दो पुत्री निदा व सालो और पुत्र सैफ हैं. बड़ी लड़की महज 12 वर्ष की है. इनकी पत्नी की मृत्यु करीब छह वर्ष पहले ही हो गयी थी. इनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को ही किया जायेगा.
बताते चलें कि मो आबिद के निधन की खबर मिलते ही बिहपुर के विधायक ई शैलेंद्र लोकमानपुर पहुंचे. आबिद का शव देख वह फूट-फूट कर रोने लगे. यह देख आबिद की दोनों पुत्रियां पास आकर रोने लगीं. यह दृश्य देख सबकी आंखें छलक आयीं. विधायक ने कहा किसी भी पार्टी के लिये आबिद जैसे कार्यकर्ता का होना गौरव की बात है. वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय जी की विचारधारा से प्रभावित थे. उनका असामयिक निधन भाजपा के लिए बड़ी क्षति है. भाजपा के बिहपुर मंडल अध्यक्ष प्रभुनारायण चौधरी, भाजपा नेता संतोष सावर्ण, खरीक मंडल अध्यक्ष आलोक शर्मा, सुबोध यादव, अरविंद पासवान, अजय सिंह, सिकंदर मंडल, विधायक प्रतिनिधि नवीन कुमार ने भी आबिद के निधन पर शोक व्यक्त किया है.