बेमौसम बारिश से कच्ची ईंटें पानी में गली, निर्माताओं को लगा करोड़ों का नुकसान
बेमौसम बारिश से घोघा के ईंट निर्माताओं को करोड़ों का नुकसान लग गया है। बारिश की वजह से कच्ची ईंट गल कर बर्बाद हो गई है। ईट भट्ठा मालिक विनोद यादव, बबलू भगत, दिलीप मंडल, बृजेश मंडल इत्यादि ने बताया कि पिछले 5 वर्षों में शायद यह पहला मौका है जब ईट निर्माताओं की ईंट पूरी तरह गलकर मिट्टी में मिल गई है। भट्ठा मालिकों को होने वाला अब तक का यह सबसे बड़ा नुकसान है, क्योंकि कच्ची ईंट ही भट्ठा मालिक की मुख्य रूप से पूंजी होती है। अब इन्हें संभलने में पूरे वर्ष भर से भी ज्यादा समय लग जाएगा। ईट भट्ठा के भागलपुर जिला अध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि इस क्षेत्र में लगभग 70 ईट भट्ठे हैं। जिनमें लगभग सभी की यही दुर्दशा हो गई है। अगर सभी के क्षति का आकलन किया जाए तो लगभग 4- 5 करोड़ से अधिक का नुकसान सामने आ सकता है।