बिहार में उद्योग की क्रांति हुई शुरू, अब बिहार उद्योग में निकलेगा आगे- शाहनवाज हुसैन
नवगछिया में किया 10 करोड़ के कोल्ड स्टोरेज का उद्घाटन 96 करोड़ से बनने वाली इथेनॉल फैक्ट्री का भूमि पूजन भी
राजेश कानोडिया, नवगछिया (नव-बिहार समाचार)। बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत साहू परबत्ता स्थित साहू पेट्रोल पंप के सामने 10 करोड़ की लागत से बने 6500 मेट्रिक टन वाले साहू कोल्ड स्टोरेज का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कोल्ड स्टोरेज का शुभारंभ भी किया। जहां मौके पर भागलपुर जिला परिषद के अध्यक्ष टुनटुन साह, उपाध्यक्ष पप्पू यादव, जिला परिषद नंदिनी सरकार, विपिन मंडल, पीरपैंती के विधायक ललन पासवान, नभय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद मंडल, उपाध्यक्ष अजय कुशवाहा, जिला मंत्री मुकेश राणा, जदयू जिलाध्यक्ष विरेंद्र कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सुबोध साह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। इससे पहले उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कोल्ड स्टोरेज के नजदीक ही मक्का पर आधारित 60 किलो लीटर प्रतिदिन एथेनॉल उत्पादन फैक्टरी का भूमि पूजन भी किया।
मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आज का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक रहेगा। जहां साहू परवत्ता से बिहार में उद्योग की क्रांति शुरू हुई है। इसके लिए 88 करोड का स्वीकृति पत्र बैंक ने साहू एग्रो के संचालक प्रीतम साहू को दिया है। जहां 96 करोड़ की लागत से नया उत्पादन प्लांट बनने जा रहा है। इससे इलाके के किसान तो खुशहाल होंगे ही, बेरोजगारों को भी रोजगार मिलेगा, अब बिहार उद्योग में आगे निकलेगा।