राजेश कानोडिया, नवगछिया। पूर्व मध्य रेल के नवगछिया स्टेशन पर रेल अधिकारियों द्वारा मुर्दाघर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जहां लावारिस रेल यात्रियों की लाशों को कुछ दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस मुर्दाघर का निर्माण स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के पूर्वी छोर तथा माल गोदाम के पश्चिमी छोर के बीच आवागमन के रास्ते पर कराया जा रहा है। जहां से नवगछिया बाजार के वैशाली होटल चौक से अधिकांश रेलयात्री प्लेटफार्म नंबर 1 और 2 पर आते जाते हैं तथा माल गोदाम आने-जाने का भी यही मुख्य मार्ग है। इसी के नजदीक रेलवे रैक प्वाइंट का व्यापारी विश्राम स्थल भी बना हुआ है। साथ ही स्टेशन से सटे नगर की घनी आबादी वाले नया टोला क्षेत्र के हजारों लोगों का आवागमन भी इसी मार्ग से होकर रोजाना होता है।
वही रेलवे के सेक्शन कार्य निरीक्षक रामश्रीत प्रसाद ने बताया कि तीन लाख की लागत से इस मुर्दाघर का निर्माण यहां कराया जा रहा है। जो पहले अन्यत्र कराया जाना था। उसे यहां स्थानांतरित कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है। वहीं स्टेशन अधीक्षक नवगछिया एनके तिवारी ने बताया कि स्थल परिवर्तन की जानकारी उन्हें नहीं मिली है।