कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत घोघा में गंगा नदी के छाडन पर अवैध बांध बनाने के मामले में कहलगांव सीओ रामावतार यादव ने घोघा पहुंच कर जांच की। मौके पर सीओ ने किसानों की शिकायतें सही पाई। नदी के छाड़न को दर्जनों जगह बांध बनाकर पानी के बहाव को ईंट-भट्ठा मालिकों ने रोक दिया है। सीओ ने बताया कि घोघा के एक दर्जन से ज्यादा ईंट-भटटा मालिकों ने अपने काम के लिए गंगा नदी के छाड़न को बांध दिया। इससे आसपास के सैकड़ों बीघा खेतों में गंगा का पानी फैल रहा है और रबी की फसल बर्बाद हो गई। मामले में घोघा थाने में 14 ईंट भट्ठा मालिकों पर केस दर्ज कराया गया है। साथ ही बना बांध को जेसीबी से काटकर पानी का बहाव शुरू कराया गया। गुरुवार को कर्मचारी को भेजकर फसलों के नुकसान का आकलन कराया जाएगा। मामले में प्रशस्तडीह के किसान और सरपंच व मुखिया ने लिखित शिकायत की थी। सीओ ने बताया, ग्रामीणों की शिकायत पर जांच की तो सभी आरोप सही पाए गए। इसके बाद किसानों को घोघा थाने में बुलाया गया था। यहां बातचीत की गई।