प्रेम प्रसंग में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
कहलगांव | प्रेम प्रसंग में एक युवती ने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना नगर पंचायत के वार्ड 16 स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी की है। जहां पंकज घोष की 19 वर्षीय पुत्री दीपाली घोष ने खुदकुशी कर ली। युवती की मां चंदा देवी ने बताया कि शाम में मैं अपनी छोटी बेटी के साथ सब्जी खरीदने बाजार गई थी। घर में अकेली दीपाली थी। जब लौट कर आई तो देखा कि दीपाली का शव पंखे से झूल रहा था। शोर करने पर आसपास के लोग पहुंचे और शव को नीचे उतारा। इसके बाद उसे अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के पूर्व युवती मोबाइल से किसी से बात कर रही थी। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस युवती के मोबाइल का सीडीआर निकाल कर मामले की जांच करेगी। उसके पिता किसी काम से घर के बाहर हैं। परिजनों ने अब तक आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।