ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

विक्रमशिला को बौद्ध सर्किट से जोड़ने की तैयारी हेतु भेजा गया प्रस्ताव, जगी पर्यटन के विकास की आस

विक्रमशिला को बौद्ध सर्किट से जोड़ने की तैयारी हेतु भेजा गया प्रस्ताव, जगी पर्यटन के विकास की आस
कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत स्थित विक्रमशिला को बौद्ध सर्किट से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. राज्य में बौद्ध सर्किट के विकास के लिए एशियन डेवलेपमेंट बैंक के सहयोग से प्रस्ताव तैयार करने के लिए जिला उपसमाहर्ता ने कहलगांव के सीओ से विक्रमशिला के लिए बिंदुवार रिपोर्ट मांगी थी. जिसके आलोक में सीओ रामावतार यादव ने बुधवार को जिला सामान्य शाखा के वरीय उपसमाहर्ता को प्रस्ताव भेज दिया है. विक्रमशिला में स्वच्छ जल की व्यवस्था, विक्रमशिला पहुंचने के विभिन्न मार्गों का विस्तृत विवरण, पर्यटन के विकास के लिए जमीन का विवरण, विक्रमशिला खुदाई स्थल के खुलने व बंद होने के समय, पर्यटकों की संख्या किस माह अधिक होती है, पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था, आसपास ठहरने की सुविधा जैसी बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट भेजी गयी है. 

बता दें कि एशियन डेवलेपमेंट बैंक ने 09 नवंबर 2021 को बिहार सरकार के प्रधान सचिव त्रिपुरारि शरण को पत्र लिखकर बौद्ध सर्किट में संभावित विकास कार्यों को लेकर सुझाव मांगा था. उसी पत्र के आलोक में भागलपुर के वरीय उपसमाहर्ता ने सीओ से सुझाव मांगे थे. जिसकी रिपोर्ट भेजे जाने से स्थानीय लोगों में विक्रमशिला के बौद्ध सर्किट से जुड़ने और पर्यटन के विकास की आस जगी है.