कहलगांव में हड़ताल से सफाई व्यवस्था हुई ध्वस्त, फैल रही है सड़ांध
कहलगांव नगर पंचायत के ठेका सफाई कर्मी अपने पीएफ की राशि को खाते में जमा करने की मांग को लेकर तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहे. इनकी हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी है. नगर के हृदय स्थल गांगुली पार्क चौक से लेकर स्टेशन रोड, मेन चौक के अलावा सभी गली-मोहल्ले में कचरे का अंबार लगता जा रहा है, नगर पंचायत ऑफिस से कुछ दूरी पर स्थित रिक्शा पड़ाव के पास ही कूड़े व गंदगी का ढेर लगा है. उससे सड़ांध भरी बदबू निकलने से लोगों का गुजरना मुश्किल हो गया है. स्टेशन रोड में सड़क के दोनों तरफ कचरे के बीच ही सब्जी की दुकानें लग रही हैं. कुछ जगहों पर नालियों का पानी सड़क पर बहने लगा है.