ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में हुई कुख्यात अपराधी की हत्या

नव-बिहार न्यूज एजेंसी (NNA), भागलपुर : पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत बिहपुर थाना क्षेत्र के हरियो-महेशपुर गांव में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने कुख्यात देवकिशोर सिंह उर्फ डिब्बा उर्फ देवो सिंह (45) को गोलियों से छलनी कर दिया। अपराधियों द्वारा पांच गोलियां मारने से देवो वहीं ढेर हो गया। वह दो दिनों पूर्व ही चेन्नई से गांव लौटा था।

शुक्रवार की सुबह घटना की सूचना पर बिहपुर थानाध्यक्ष सुचित कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर में नवगछिया एसपी निधि रानी भी हरियो गांव पहुंची और घटना की पड़ताल की। हरियो के जिला पार्षद निरंजन सिंह सहित कई हत्याकांडों में देवो सिंह आरोपित था। पुराने हत्याकांड की रंजिश में ही वारदात को अंजाम दिया गया है। देर शाम देवो की पत्नी अनिता देवी के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ बिहपुर थाने में मामला दर्ज किया गया।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार घर में पोती होने की खुशी में वार्ड नंबर 13 निवासी देवो सिंह गांव में छठ्ठी भोज देने की तैयारी कर रहा था। इस बहाने वह इस प्रयास में भी था कि गांव के पुराने दुश्मनों को न्योता देकर पुरानी दुश्मनी भुलाकर मेलजोल कर लेंगे। वह अपने नए पक्का मकान की ढलाई के लिए गिट्टी-बालू भी गिरवा रहा था। लेकिन, लंबे समय से घात लगाए बैठे दुश्मनों ने उसे पहले ही मौत के घात उतार दिया। गांव होकर कोसी तटबंध जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क पर उसे गोलियों से भून दिया। देवो को पेट, पीठ, कनपटी, छाती और कमर के नीचे कुल पांच गोलियां मारी गई हैं।