ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया: कोसी नदी में डूबने से दो मासूमों की दर्दनाक मौत  


नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। भागलपुर के नवगछिया प्रखंड के श्रीपुर में कोसी नदी की उपधारा में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बुधवार की सुबह दोनों बच्चे शौच करने नदी किनारे गए थे। काफी देर बाद बच्चों के नहीं आने पर खोज की गई। इसके बाद नदी में शव देखा गया।

परिजनों ने बताया कि घर के पिछवाड़े में शौच करने बादल कुमार सिंह (तीन वर्ष) पिता कुंदन सिंह और प्रेम कुमार (तीन वर्ष) पिता प्रकाश सिंह गए थे। इसी दौरान पैर फिसल जाने से दोनों बच्चे लुढ़ककर नदी में चले गए और डूबने से मौत हो गई। घटना सुबह 10 बजे हुई। बच्चों के काफी देर तक घर नहीं आने के बाद घरवालों ने खोजबीन की।

इस दौरान लोगों ने बताया कि दो बच्चे पानी में गिरा हुए हैं। आनन-फानन में परिजन नदी किनारे पहुंचे तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। लोगों ने शव को पानी से बाहर निकाला और अनुमंडलीय अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

प्रेम का पिता बाहर मजदूरी करने गया था। बादल की मां पूजा देवी ने बताया कि सुबह दोनों बच्चे शौच के लिए घर के पिछवाड़े गए थे। वहां ढलान के नीचे कोसी नदी का पानी है। वह काफी खतरनाक है। बच्चों के पूरे गांव में खोजने के बाद किसी ने बताया तो घटना के बारे में पता चला। बादल अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था।