नवगछिया । कटिहार से जालंधर के लिये 15707 अप आम्रपाली एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे पोठीया (कटिहार) निवासी पवन कुमार ने एक शातिर मोबाइल चोर को उस समय रंगे हाथ पकड़ लिया। जब चलती ट्रेन में वह चोर उनके मोबाइल पर अपना हाथ साफ कर चुका था। जिसे यात्रियों के सहयोग से ट्रेन में चल रहे नवगछिया जीआरपी के मार्ग रक्षा दल को सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में यात्री द्वारा जीआरपी को लिखित आवेदन भी दिया गया है।
नवगछिया रेल थानाध्यक्ष शरत कुमार के अनुसार यात्री द्वारा रंगे हाथ पकड़ा गया यह मोबाइल चोर पूर्णिया जिला के रुपौली थाना क्षेत्र के विजय घाट का निवासी अभय कुमार यादव है । जो बड़ा ही शातिर और पुराना चोर है। जो इससे पहले भी 26 मई 2012 को काढ़ागोला स्टेशन पर खड़ी 55539 अप पैसेंजर ट्रेन में नारायणपुर निवासी मो0 नकील आलम के पाकेट से सात हजार रुपये की पाकेटमारी किया था। इस मामले में नवगछिया जीआरपी ने कांड संख्या 6/2012 के तहत इसे जेल भेजा था।
जबकि इससे पहले 23 जुलाई 2010 को नवगछिया स्टेशन के मुसाफिर खाना में खड़े पश्चिम बंगाल के मंगलबाड़ी (मालदह) निवासी पंकज साह का मोबाइल चुराया था। जिसमें भी रंगे हाथ पकड़े जाने पर कांड संख्या 11/10 के तहत नवगछिया जीआरपी द्वारा इसे जेल भेजा गया था।