नवगछिया में कोसी नदी पर निर्माणाधीन विजयघाट पक्का पुल के समीप अवैध रूप से हो रही नौका परिचालन के कारण आज निर्माण स्थल के समीप एक सड़क हादसा हो गया । जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में से एक अरविंद कुमार भगत (बाइक चालक) और दूसरा बाइक पर सवार रोहित कुमार थे। जो अपने अपने काम से कोसी पार कदवा क्षेत्र से नवगछिया जा रहे थे। इसी बीच यह बाइक एक हाइवा ट्रक की चपेट में आ गयी। जो निर्माण स्थल पर बोल्डर गिराकर वापस हो रही थी।
जानकारी के अनुसार पक्का पुल निर्माण को लेकर हो रहे कार्य के बीच से आम लोगों का भी आना जाना बदस्तूर जारी है। जिसका कई बार विरोध पुल निर्माण करा रही कंपनी के द्वारा किया गया है। जिसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दी गयी है। इसके बावजूद भी आम लोगों का आना जाना नहीं रुक रहा है।
इतना ही नहीं नदी में जल स्तर बढ़ने के बाद पुल निर्माण कंपनी का रास्ता भी अवरुद्ध हो गया। जहां अब दो जगह रास्ते में पानी हो गया है। जहां पुल निर्माण कंपनी के कर्मचारी नदी पार करने के लिए नौका चलाते हैं। जिसकी आढ़ में यहा अवैध नौका का परिचालन भी जारी कर दिया गया। जिसकी वजह से पुल निर्माण कार्य में भी बाधा आती रहती है। साथ ही कई बार हादसे भी हो चुके हैं। वहीं आज भी एक हादसा इसी जबर्दस्ती की एक कड़ी है।
वहीं क्षेत्र के मुखिया पुलकित सिंह के अनुसार इस हादसे के बाद से यहा अंचल अधिकारी मिथिलेश कुमार द्वारा नौका परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जबकि अंचल अधिकारी से संपर्क नहीं हो पाया।