वनडे के विश्वकप के बाद टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी एक बार फिर भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला होगा। भारत ने शुक्रवार को दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। विराट कोहली मैन ऑफ द मैच चुने गए।
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में हुए मुकाबले में भारत के सामने 173 रनों का लक्षय रखा जिसे भारत ने विराट कोहली-72, अंजिक्य रहाणे-32, रोहित शर्मा-24 और सुरेश रैना-21 की शानदार बल्लेबाजी के बदौलत बिना किसी खास दिक्कत के 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। युवराज सिंह ने 18 रन बनाए।
मैन ऑफ द मैच चुने गए कोहली ने अपनी 44 गेंदों की संयमभरी लेकिन आक्रामक नाबाद पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। रोहित शर्मा ने भी 13 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रनों की उम्दा पारी खेली लेकिन मैच का रुख भारत के पक्ष में करने का श्रेय अजिंक्य रहाणे (32) और कोहली को जाता है।
कोहली और 30 गेंदों पर दो चौके और एक उम्दा छक्का लगाने वाले रहाणे ने 39 के कुल योग पर रोहित का विकेट गिरने के बाद स्कोर को 77 रनों तक पहुंचाया और रन रेट कम नहीं होने दिया। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए मुश्किल वक्त में 38 रन जोड़े।
रहाणे के आउट होने के बाद युवराज सिंह (18) और कोहली ने अपनी टीम को 100 के पार पहुंचाया। इन दोनों ने भारत के लिए इस मैच की सबसे बड़ी साझेदारी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों पर 56 रन जोड़े। युवराज 133 रनों के कुल योग पर 17 गेंदों पर दो चौके लगाकर आउट हुए लेकिन कोहली का बल्ला चलता रहा।
कोहली ने युवराज के जाने के बाद अपना साथ देने आए सुरेश रैना (21) के साथ चौथे विकेट के लिए 15 गेंदों पर 34 रनों का साझेदारी करते हुए भारत की जीत पक्की कर दी। रैना ने 10 गेंदों की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट 167 के कुल योग पर गिरा। इसके बाद कोहली ने हेंडरिक्स की चौथी गेंद पर चौका और पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर स्कोर बराबर कर दिया।
अंतिम गेंद पर कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 0) ने 19वे ओवर की आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं लिया क्योंकि वो कोहली को विजयी रन बनाने देना चाहते थे। इसके बाद कोहली ने डेल स्टेन द्वारा फेंके गए 20वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपनी टीम को दूसरी बार फाइनल में पहुंचाने का काम किया।
अफ्रीका ने बनाए 172 रन
इससे पहले कप्तान फॉफ दू प्लेसिस (58) और ज्यां पॉल ड्यूमिनी (नाबाद 45) की उम्दा पारियों की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 172 रन बनाए। प्लेसिस ने 41 गेंदों की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा हाशिम अमला ने 16 गेंदों पर चार चौके जड़े। ड्यूमिनी ने 40 गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका लगाया। डेविड मिलर 12 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर नाबाद लौटे।
भारत की ओर से अश्विन ने चार ओवरों में 22 रन खर्च करते हुए तीन विकेट लिए। कुमार को एक विकेट मिला लेकिन ग्रुप स्तर के हीरो रहे अमित मिश्रा ने तीन ओवरों में 36 रन लुटा दिए। मोहित शर्मा ने भी तीन ओवर में 34 रन दिए।
टीम इंडिया रविवार को इसी मैदान पर होने वाले खिताबी मुकाबले में तीन बार के उपविजेता श्रीलंका से भिड़ेगी। श्रीलंका ने गुरुवार को वेस्टइंडीज को 27 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। मुकाबले का फैसला डकवर्थ-लेविस नियम के आधार पर हुआ। भारत ने ग्रुप-2 में शीर्ष पर रहते हुए अंतिम-4 दौर में जगह बनाई थी। उसने अपने अभी तक के सभी चार मैच जीते हैं।
