ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

फैलिन ‘कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील ‘ : बिहार के उपर ठहरा


चक्रवाती तूफान 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी तट पर तबाही मचाने के बाद सोमवार शाम को कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है. मौसम विभाग ने यह जानकारी दी.
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार दोपहर तक कम दबाव के क्षेत्र में बदला तूफान फैलिन अब और कमजोर हो गया है और अब यह दक्षिण पूर्व में बिहार और उसके आसपास के इलाकों के उपर ठहर गया है जहां इसकी रफ्तार 25-35 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है.     
कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने का मतलब है कि मौसम विभाग अब इसे एक सामान्य मौसमी बदलाव मानकर चल रहा है और यह तूफान की श्रेणी से दूर हो चुका है.
हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अपनी तीव्रता में भारी कमी के बावजूद कम दबाव के क्षेत्र में अभी भी बादल हैं जिनसे बिहार, नेपाल के उप हिमालयी क्षेत्रों, पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में अगले 24 से 48 घंटों के बीच भारी बारिश होगी.
मौसम विभाग के एक वैज्ञानिक ने बताया, ‘‘ हालांकि तीव्रता कम हो गयी है लेकिन हम अगले 72 घंटे इस पर नजर रखेंगे क्योंकि जहां जहां से यह गुजरेगा, वहां भारी बारिश की संभावना है.’’    
इस तूफान को पहली बार तीन अक्तूबर को उत्तरी अंडमान समुद्र में देखा गया था जो धीरे धीरे बेहद भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया और 12 अक्तूबर को यह कलिंगपटनम और परादीप के बीच पहुंच गया जिसका केंद्र ओडिशा के गोपालपुर में था.